0 विस की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिये बीएलओज को मिले निर्देश
कोंच-उरई। आगामी 2017 के विधानसभा चुनाव से पूर्व त्रुटि रहित मतदाता सूची कम्पलीट करने की चुनाव आयोग की मंशा और निर्देशों के तहत बुधवार को यहां तहसील सभागार में अधिकारियों ने बीएलओज के साथ बैठक करके उन्हें निर्देश दिये कि मतदाता सूची में कम से कम तीन विंदुओं पर मगजमारी करनी होगी ताकि सही सही मतदाता सूची बन कर तैयार हो सके। तहसीलदार भूपाल सिंह ने कहा कि इपिक रेशियो 63 प्रतिशत से अधिक कतई न हो, इसके अलावा ऐसे वोटरों की संख्या भी काफी है जो एक से अधिक जगहों से मतदाता बने हैं। इन वोटरों को सूची से खारिज करना है और जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गई है उन्हें सूची में शामिल करें।
बुधवार को तहसील सभागार में उरई विधानसभा क्षेत्र (आंशिक) के सभी 44 तथा माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र (आंशिक) के सभी 203 बीएलओज की बैठक तहसीलदार भूपाल सिंह की अध्यक्षता तथा नायब तहसीलदार अमरसिंह की मौजूदगी में संपन्न हुई जिसमें उन्हें मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर जरूरी निर्देश दिये गये। तहसीलदार भूपाल सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप सूचियों के पुनरीक्षण में जिन विंदुओं पर खास ध्यान देना है वे हैं इपिक रेशियो यानी संबंधित भाग की जनसंख्या और वोटर संख्या के बीच 63 का अनुपात हो। नायब तहसीलदार अमरसिंह ने दो टूक कहा कि चुनाव के वक्त अधिकांश विवाद मतदाता सूचियों को लेकर ही सामने आते हैं लिहाजा बीएलओज की कोशिश यही होनी चाहिये कि वे घर घर जाकर एक वोट का स्तयापन करें, जो मर गये हैं या जिन बेटियों की शादियां हो गई हैं उन्हें सूची से खारिज करना है। उन वोटरों को भी लिस्ट से हटाना है जो एक से अधिक जगह से वोटर हैं, जो गांव या मोहल्ले में नहीं रह कर कहीं बाहर रहता है उन्हें भी सूची से हटाना है। इस दौरान निर्वाचन कार्यालय प्रभारी प्रशांत, पवन गौतम, रेखा जाटव, आरती ऐवरा, रश्मि पहाडगांव, वंदना सतोह, अरविंद निरंजन बसोव, गोपालदास लौना, रामबाबू क्योलारी, साधना मंगरा, नितिन, सुमन ब्यौना, संगीता निगम, तारादेवी, सुरेन्द्र, जगदीश, अशोक, किसुन, रामजानकी, रामविहारी आदि मौजूद रहे।





Leave a Reply