उरई। कस्बा जालौन के बाहर तीन दिन से लावारिस खड़े ट्रक में से बदबू उड़ने पर चरवाहों ने उसके भीतर झांक कर देखा तो ड्राइवर का शव पड़ा था। तत्काल पुलिस को खबर की गई। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना का संदेह ट्रक के कंडेक्टर पर जताया जा रहा है जो लापता है।
कानपुर महानगर से माल लोड कर ट्रक यूपी 78 यूटी 3316 ड्राइवर अजय बाबू (45वर्ष) पुत्र सुखदेव निवासी भाल जिला कानपुर देहात तीन दिन पहले लेकर चला था। उसके साथ कंडेक्टर मुसमरिया निवासी राघवेंद्र भी था। दोनों लोग तीन वर्ष से इस ट्रक पर चल रहे थे। जालौन के पास किसी ने ट्रक के अंदर ही अजय बाबू की हत्या कर दी जबकि कंडेक्टर राघवेंद्र लापता हो गया। पोस्टमार्टम स्थल पर अजय बाबू के भाई अजब सिंह और शिवपाल सिंह ने बताया कि उसके भाई के पास में 10 हजार रुपये थे जिसके लालच में राघवेंद्र उनकी हत्या करके फरार हो गया। राघवेंद्र ने कालपी में दो सवारियां ट्रक पर बैठा ली थी। इसकी जानकारी मोबाइल से अजय बाबू ने भाइयों को दी थी। उनका भी हाथ हत्या में हो सकता है। बहरहाल पुलिस का कहना है कि अभी कोई निष्कर्ष देना जल्दबाजी होगी छानबीन की जा रही है।







Leave a Reply