
0 जांच में जुटी पुलिस ने लुटेरों की पहचान बताने से फिलहाल किया इंकार
कोंच-उरई। लगातार बढते जा रहे अपराधों की कड़ी के बीच बीती रात झांसी-कानपुर हाईवे पर स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने बाईक पर जा रहे दो व्यक्तियों को तमंचे अड़ा कर लूट लिया और पिंडारी होते हुये कोंच की ओर भाग निकले। लूट की इस वारदात की सूचना रिले होने के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और ग्राम घुसिया के पास उन्हें दबोच लिया। पुलिस बदमाशों से पूछताछ में जुटी है और फिलहाल अभी बदमाशों की पहचान बताने से इंकार किया है। समझा जा रहा है कि बदमाशों के पास तमंचों के अलावा मोबाइल और कुछ रुपया भी बरामद हुआ है।
जिले में ताबड़तोड़ घट रही आपराधिक वारदातों के बीच कल देर रात लगभग साढे दस बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर एक ढावे के पास बदमाश घात लगाये बैठे थे। इसी बीच वहां से गुजर रही एक बाईक पर सवार दो लोगों को इन बदमाशों ने तमंचों के बल पर रुकने के लिये मजबूर कर दिया और कनपटी पर तमंचा अड़ा कर उसके साथ लूट कर ली और भाग निकले। बताते हैं कि 100 नंबर पर इस घटना के बाबत बताया गया था, जिसके चलते एट और उरई पुलिस इन बदमाशों के पीछे लगी थी। इसी बीच बताया गया कि बदमाश वाया पिंडारी कोंच की ओर भाग रहे हैं, सूचना पर फौरी संज्ञान लेकर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और उसने पिंडारी रोड पर मोर्चा संभाल लिया। रात लगभग साढे ग्यारह बजे बदमाशों की स्कूटी ग्राम घुसिया के पास आती दिखी तो पुलिस ने उन्हें ललकारा और तीन बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों के पास से क्या बरामदगी हुई है, इसका भी फिलहाल पता नहीं चल सका है। लूट की घटना के पीड़ित को पुलिस ने फिलहाल मीडिया को कुछ भी न बताने के लिये होंक दिया है जिसके चलते वह मुंह खोलने को राजी नहीं है। दूसरी तरफ पुलिस भी अभी बदमाशों की पहचान बताने में खासी परदेदारी बरत रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है। पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों की गई पूंछतांछ के आधार पर उनके कुछ और साथियों को दबोचने के लिये कुछ स्थानों पर दबिशें भी दी हैं।







Leave a Reply