08orai06उरई। समाजवादी छात्र सभा ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में बुधवार को कलैक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्र सभा के प्रतिनिधिमंडल ने नौ सूत्रीय ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एडीएम को सौंपा। जिसमें मंहगाई और आतंकवादी हमलों पर लगाम की मांग मुख्य रूप से उठाई गई है।
समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष हिमांशु ठाकुर रूपापुर ने इस दौरान कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश में हालात खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दालों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं आखिर कब तक मंहगाई पर रोक हो पायेगी। हिमांशु ठाकुर ने कहा कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव अभियान में आतंकवादी घटनाओं को पूरी तरह रोकने का वायदा किया था। जिसे आज भुलाया जा रहा है। पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकवादी हमले के शहीदों के परिजनों को अभी तक न्याय नही मिल पाया। 4 जून को जम्मू कश्मीर में बीएसएफ की एक टोली पर हमला हो गया जिसमें तीन जवान शहीद हो गये।
छात्र सभा के नेताओं ने बुंदेलखंड में सूखे से निपटने के लिए केंद्र द्वारा सहायता न दी जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ट्रेनों को किराया तो बढ़ा दिया गया है लेकिन यात्रियों के लिए सुविधा में कोई सुधार नही आया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बीजेपी द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। कहा कि प्रदेश सरकार के विकास कार्य झुठलाने के लिए बीजेपी के नेता गुमराह करने वाले भाषण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पर टिप्पणी में शालीनता की सारी सीमाएं पार कर दी गई हैं। इसके लिए उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेताओं से माफी मांगने की मांग की।

Leave a Reply