उरई। लूट का पर्याय समझे जाने वाले परिवहन विभाग में दोनों हाथों से लूट का मुहावरा लागू करते हुए प्रवर्तन के सहायक संभागीय आयुक्तों की संख्या दो कर दी गई है।
जिले के परिवहन कार्यालय में अभी तक केवल दो सहायक संभागीय आयुक्त तैनात किये जाते थे जिनमें एआरटीओ प्रवर्तन का दायित्व धनवीर यादव संभाले हुए हैं जबकि एआरटीओ प्रशासन का दायित्व आदित्य त्रिपाठी के सुपुर्द है। नई व्यवस्था के तहत शासन ने जिले में सहायक संभागीय आयुक्त का एक और पद परिवहन विभाग में सृजित कर दिया है। इस सिलसिले में झांसी के एआरटीओ सर्वेश कुमार सिंह को यहां एआरटीओ प्रवर्तन टू के रूप में पोस्ट कर दिया गया है।
एआरटीओ प्रवर्तन की अभी तक जो भूमिका व्यवहारिक रूप से लोगों की नजर में है उसके मुताबिक यह पद ओवरलोड वाहनों को चलवाकर सरकार को लुटवाने के लिए होता है। जिसकी गवाही जिले में गोविंदम् के पास से ही शुरू गढढेदार फोरलेन देता नजर आता है। सड़कों की दुर्दशा के लिए जैसे एक एआरटीओ प्रवर्तन काफी नही था। इसलिए एक और प्रवर्तन का एआरटीओ जिले में तैनात कर दिया गया है। जिससे ट्रक मालिकों की इतनी लुटाई हो कि फोरलेन का एक टुकड़ा भी सलामत न रह जाये। इस शुभकामना के साथ लोगों ने एआरटीओ प्रवर्तन टू का हार्दिक स्वागत किया है।






Leave a Reply