जालौन-उरई। प्रतापपुरा में महीनों से चल रहे मिटटी के अवैध खनन को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार ने शुक्रवार को अचानक छापा मारा जिसमें दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन सीज कर दी गई।
प्रतापपुरा में मिटटी के अवैध खनन का सिलसिला महीनों से जारी है। अवैध खनन को लेकर कई बार हुई खूरैंजी के बावजूद प्रशासन ने इस पर रोक लगाने की कभी जहमत नही उठाई। लेकिन हाल में जब सुप्रीम कोर्ट ने मिटटी के अवैध खनन को रोकने के लिए किसान को भी इसकी परमीशन देने पर पाबंदी लगा दी तो जिलाधिकारी संदीप कौर ने आला अदालत के आदेश पर अमल कराने के लिए सभी तहसीलों में राजस्व अधिकारियों को कड़े आदेश जारी कर दिये। इसके बाद से अधिकारी दिल पर पत्थर रखकर मिटटी का अवैध खनन करने वालों को पकड़ने में लग गये हैं। इसी के तहत आज तहसीलदार जब प्रतापपुरा पहुंचे तो पहली बार प्रशासन के बदले रंग ढंग देखकर खनन करने वालों के हौसले पस्त हो गये। कई ट्रैक्टर अफरा-तफरी में भाग निकले। तहसीलदार ने मिटटी से भरे दो ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन अपने कब्जे में ले ली। इन्हें सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। जिसे लेकर मिटटी की अवैध खुदाई कराकर सफारी और उससे भी मंहगी गाड़ियां खरीदने में जुटे लोगों में हड़कंप का माहौल रहा। कई लोग अपनी कुंडली दिखाने के लिए पंडितों के घर पहुंचे तांकि शनिचर के निवारण की विधि ज्ञात कर सकें।






Leave a Reply