उरई। रमजान के महीने में विद्युत व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए डीएम द्वारा दिखाये गये कड़े तेवर हवा-हवाई रह गये हैं। जिला मुख्यालय तक पर अंधाधुंध हो रही विद्युत कटौती से लोगों का गुस्सा सांतवें आसमान पर पहुंचता जा रहा है।
एक ओर तो भीषण सूखा की वजह से इस बार तपिश के सारे रिकार्ड टूट रहे हैं। दूसरी ओर इस बार रमजान का महीना जून में पड़ने से रोजादारों के लिए मजहबी फर्ज की अदायगी में कठिन अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इन हालातों में जनजीवन को संबल देने के लिए बिजली विभाग को बीस से बाइस घंटे तक सुचारू आपूर्ति के निर्देश दिये थे। जिलाधिकारी संदीप कौर ने मुख्यमंत्री की मंशा का हवाला देते हुए जिले के विद्युत अभियंताओं को आपूर्ति दुरुस्त रखने की सख्त हिदायतें दी थीं। लेकिन बिजली विभाग को लगता है कि न तो मुख्यमंत्री का कोई खौफ है और न ही जिलाधिकारी का। गुरुवार की रात कई मोहल्लों में बिजली ठप्प रही। पटेल नगर शीतला माता और राजेंद्र नगर मोहल्ले के लोगों ने अत्याधिक कटौती की शिकायत की है जिससे जनजीवन बेहाल है। लोग इतने ज्यादा गुस्से में आ रहे है कि किसी दिन कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है फिर भी बिजली विभाग की सेहत पर कोई असर नही हो रहा।
उधर कस्बा जालौन में भी बिजली की स्थिति यही है। आज जुमा के दिन भी बिजली विभाग ने सायं 5 बजे तक की अघोषित कटौती कर दी जिससे लोगों में रोष छाया रहा।






Leave a Reply