उरई। आॅल टीचर्स एम्पलाॅयज वेलफेयर एसोसिएशन यानि अटेवा पेंशन बचाओं मंच की बैठक माहिल तालाब पर आयोजित हुई जिसमें जिला संयोजक राकेश सरोज ने अवगत कराया कि 8 जून को पुरानी पेंशन बहाली के लिए लखनऊ में शिक्षकों और कर्मचारियों की वृहद बैठक आयोजित हुई जिसमें जनपद का प्रतिनिधित्व स्वयं राकेश सरोज, कोषाध्यक्ष हरपाल यादव और मंडलीय प्रभारी सुरेंद्र प्रताप ने किया।
उन्होंने बताया कि लखनऊ बैठक में निर्णय लिया गया है कि 10 जून से 30 जून तक प्रदेश के हर जिले में पुरानी पेंशन को लेकर जन जागरण अभियान चलाया जायेगा। जुलाई के अंत में पेंशन बचाओ पदयात्रा निकाली जायेगी। सितंबर से पूरे प्रदेश में रथ यात्रा निकालने का कार्यक्रम है। राकेश सरोज ने आगे बताया कि 23 अक्टूबर को लखनऊ में महारैली के जरिए इसकी पूर्णाहुति होगी।
जिला कोषाध्यक्ष हरपाल यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल हुए बिना हम लोग चैन से नही बैठने वाले। मंडल प्रभारी सुरेंद्र प्रताप ने कहा कि सरकारी नौकरी के प्रति लोगों के झुकाव की मुख्य वजह पेंशन व्यवस्था थी। जिसे छीनकर सरकार ने आज के युवाओं के कल के बुढ़ापे की लाठी छीन ली है। बैठक में जिला मंत्री उदयवीर निरंजन, बृजेश श्रीवास्तव, संपूर्णानंद गौतम, भारत यादव, राजकुमार यादव, शैलेंद्र कुमार, भानु यादव, सुरेश वर्मा, विकास गुप्ता, विकास श्रीवास्तव, सौरभ खरे, मनीष निरंजन, मनीष पालीवाल, प्रवेंद्र पाल, रवि प्रकाश राठौर, रामकिंकर गुर्जर, गिरधर अनुरागी और नीरज श्रीवास्तव मौजूद रहे।






Leave a Reply