0 सिकरी (कोंच) में चैपाल लगा कर समस्यायें सुनीं एसडीएम ने
कोंच-उरई। एसडीएम गोरेलाल शुक्ला ने बीती शाम विकास खंड कोंच के ग्राम सिकरी छोटी (कोंच) में चैपाल लगा कर ग्रामीणों की समस्यायें सुनीं। इस दौरान जहां कोटेदार द्वारा राशन सामग्री का वितरण सही ढंग से नहीं करने की ढेरों शिकायतें उनके सामने आईं, वहीं पात्र गृहस्थियों के चयन में भी घोर अनियमिततायें बरते जाने और अपात्रों के चयन का भी गंभीर मामला सामने आया।
एसडीएम गोरेलाल शुक्ला की अध्यक्षता और नायब तहसीलदार अमरसिंह की मौजूदगी में ग्राम सिकरी छोटी में लगाई गई चैपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी गंभीरता से सुना। एसडीएम ने समस्यायें सुनने के बाद कहा कि उनके संज्ञान में जो भी समस्यायें आईं हैं उनके निराकरण का यथासंभव प्रयास कराया जायेगा और जहां जहां जांच के बिषय आये हैं उन मामलों में जांच करा कर सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को ही दिलाया जायेगा। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार आत्माराम राशन सामग्री के वितरण में धांधली करता है, अगर खाद्यान्न देता भी है तो घटतौली के साथ और कभी कभी तो पूरा माल ही हड़प कर जाता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पात्र गृहस्थियों के चयन में भी भारी अनियमिततायें बरती गई हैं, जो बाकई पात्र हैं उनके नाम आनन फानन उड़ा दिये गये हैं, अंत्योदय कार्डों भी पात्रों के नाम काट कर अपात्रों को जोडने का खेल किया गया है जिसके चलते दोबारा हुये राहत पैकिटों के वितरण में कई गरीब सामग्री पाने से महरूम रह गये हैं। ग्रामीणों ने मांग की गांव में कैम्प लगा कर वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन के आवेदन भरवाये जायें और उनमें पात्रों को शामिल किया जाये। गांव में लोहिया और इंदिरा आवासों तथा नाली खड़ंजा निर्माण की भी जरूरत बताई गई। नदीगांव-कोंच मुख्य मार्ग से गांव तक जाने बाली लिंक रोड की दुरुस्ती की कच्छप गति पर भी ग्रामीणों ने अप्रसन्नता जताई, इसके अलावा गांव के उत्तर में जालौन रोड से जोडने वाले सात सौ मीटर मार्ग के निर्माण की भी मांग उठाई गई। गांव के प्राईमरी स्कूल की बाउंड्री बॉल बनवाये जाने, गांव में कम से कम दस हैंडपंप स्थापित कराये जाने की भी मांगें सामने आईं। इस दौरान राजस्व निरीक्षक अलराम, लेखपाल नरेन्द्र गुप्ता, ग्राम प्रधान हमीर सिंह, शिवकुमार कुशवाहा, बैजनाथ, जगदीश राठौर, सीताराम सविता, रुद्रप्रताप, मनीष कुमार, श्यामकिशोर प्रजापति, पंचायत मित्र गोपालदास निरंजन, लोकेन्द्र कुशवाहा, मुकेश कुशवाहा सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।






Leave a Reply