cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। थाना आटा के ग्राम कहटा में गत् 2 जून को बदमाशों द्वारा गोली मारने से हुई ट्रक चालक की हत्या में शामिल गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। सभी बदमाश क्षेत्र के कुख्यात गांव परासन के रहने वाले थे। सात बदमाशों के इस गिरोह में पांच लोग गिरफ्तार कर लिये गये हैं। जबकि दो लोग अभी फरार हैं।
गत् 2 जून को कहटा घाट पर मौरंग की लदान के लिए हाईकोर्ट के आदेश को धता बताकर जाने वाले ट्रकों में कुरारा निवासी नसीम उर्फ बउआ के ट्रक पर बदमाशों ने हमला बोल दिया। इस दौरान बदमाशों के द्वारा गोली चलाने से नसीम की मौत हो गई। यह घटना पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई थी। पुलिस ने काफी बारीकी से छानबीन कराई। जिसमें परासन के अराजक युवकों का नाम सामने आया। इसके बाद इनकी पराक्रमपूर्ण गिरफ्तारी का कागजी तानाबाना बनाकर इन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कहटा के जंगलों में इनकी सूचना मिलने के बाद एसओ मनोज यादव ने फोर्स ले जाकर इन्हें घेरने की कोशिश की तो इन्होनें फोर्स पर फायरिंग कर दी। इन्हें काबू में करने के लिए फोर्स को भी जबाबी फायरिंग करनी पड़ी। एनकाउंटर के नतीजे में आखिर बदमाश पस्त हो गये। फोर्स ने सुरेश (35वर्ष), बब्लू(35वर्ष) पुत्र बाबूदीन, बब्लू (30वर्ष) पुत्र किल्ली, अरविंद (22वर्ष) और विक्रम (26वर्ष) को दबोच लिया। जिनके कब्जे से दो देशी रायफल और दो तमंचे बरामद किये गये। इनके दो साथी संतोष यादव और पुच्चा भाग निकले। इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशो ने जुर्म कबूलते हुए बताया है कि वे लोग आतंकित करने के लिए फायरिंग करने लगे थे जिसमें ट्रक चालक को गोली लग गई। उसकी मौत के बाद वे लोग डरकर बिना लूटपाट किये हुए भाग निकले।

Leave a Reply