माधौगढ़-उरई। अतिक्रमण विरोधी अभियान यहां भेदभाव की भेंट चढ़ गया। असली अतिक्रमण प्रभावशाली लोगों द्वारा किया गया है। लेकिन उन्हें अभियान में छुआ भी नही गया। जबकि कमजोर, शोषित वर्ग के निरीह लोगों के आशियानें इस आड़ में बेरहमी से उजाड़ दिये गये।
प्रदेश में 24 मई से एक साथ नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान की शुरूआत की गई थी। जिसका मुख्य उददेश्य सार्वजनिक मार्गों पर पक्के निर्माण तक से बाज न आने वाले प्रभावशाली लोगों की धींगामुस्ती को छांट देना था लेकिन कस्बे में अतिक्रमण विरोधी अभियान इन लोगों के लिहाज से अदब फासले की नजाकत के साथ चलाया गया। इसलिए सुचारू यातायात में असली बाधक कोई निर्माण तो टूटा नही लेकिन नगर पालिका प्रशासन और पुलिस ने बाल्मीकि बस्ती व अन्य कमजोर वर्ग के जैसे-तैसे रहने के ठिकानों पर कहर बरसाने में कोई कसर नही छोड़ी।
इस तीरंदाजी के पूरे होते ही अतिक्रमण अभियान की इतिश्री कर दी गई। लोग अतिक्रमण विरोधी अभियान के इस हश्र से अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उच्चाधिकारियों ने भी अतिक्रमण विरोधी अभियान की उक्त विसंगति पर गौर फरमाने की जरूरत नही समझी है। जब इस बारे में एसडीएम से बातचीत करने की कोशिश की गई तो दिन में भी उनका सीयूजी नंबर वर्किंग डे होने के बावजूद स्विचआॅफ मिला।







Leave a Reply