0 अनुदान पर मिलेगा बीज
0 सहकारी भंडारों पर सभी जिंसों का पर्याप्त बीज उपलब्ध
16orai01उरई। मानसून की नियमित बारिश निर्धारित समय से टल जाने के बावजूद जिले में खरीफ की बुबाई के लिए कमर कसकर तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष 97,702 हैक्टेयर क्षेत्र में खरीफ के तहत विभिन्न जिंसों की बुबाई का लक्ष्य तय किया गया है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मानसून की आमद में भले ही विलम्ब हो जाये लेकिन मौसम विशेषज्ञों ने सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जाहिर किया है। जिससे विभाग और किसानों के हौसले बुलंद हैं। विभाग के अनुमान के अनुसार खरीफ की पैदावार जिले मंे इस बार 29,113 मीट्रिक टन तक हो जायेगी।
कृषि विभाग के सूत्रों ने बताया कि मुख्य रूप से मूंग, उर्द और तिल की बुबाई का रुझान किसानों में दिख रहा है। कृषि विभाग ने इन जिंसों के लिए उन्नत प्रजाति के बीजों की व्यवस्था की है। जो ज्यादा के साथ गुणवत्तापूर्ण उपज दे सकें। सूत्रों के मुताबिक किसानों को प्रोत्साहन हेतु दलहन और तिलहन के बीज जिले के 13 सहकारी भंडारों पर अनुदानित व्यवस्था के तहत बिक्रीत किये जायेंगे। उन्होने बताया कि जिले में बीज की 160 निजी दुकानें हैं जिनमें से कई का कागजी लाइसेंस तो है लेकिन वे दुकाने निजी कारणों से ठप्प हैं। उनके मुताबिक प्राइवेट दुकानों से नकली बीज की बिक्री की खबरों को लेकर विभाग बेहद सतर्क है। जिला कृषि अधिकारी, उपसंभागीय कृषि अधिकारी और अपर कृषि अधिकारी की टीमें अलग-अलग तहसीलों के लिए बनाई गई हैं जो निजी बीज दुकानों का औचक निरीक्षण करेंगी। इन दुकानों में बीजों के सैम्पल लेकर परीक्षण के लिए भेजे जायेंगे। अगर किसी नमूने में मिलावट पाई गई तो बीज विके्रता के खिलाफ लाइसेंस रदद करने के साथ-साथ मुकदमा भी कराया जायेगा।
ये उन्नत प्रजातियां रहेंगी उपलब्ध
कृषि विभाग के सूत्रों के मुताबिक मूंग में आईपीएम 2-3 के बीजों का 37.84 कुंतल, श्वेता प्रजाति के बीजों का 37.80 कुंतल और एचआई 414-16 के बीजों का 3.04 कुंतल आवंटन जिले को दिया गया है। उर्द में आजाद-3 प्रजाति का 255 कुंतल और तिल में आरटी-351 का सौ कुंतल, आरटी-346 का 35 कुंतल और शेखर का 37 कुंतल आवंटन मिला है।
धान की बुबाई को भी प्रोत्साहन
एक जमाने में जल भराव क्षेत्र होने से माधौगढ़ तहसील में धान की खेती खरीफ सीजन में जमकर होती थी। लेकिन कुछ दशकों से बारिश में लगातार गिरावट की वजह से किसानों ने धान रोपना बंद कर दिया। 2014 में जबकि भारी और अनवरत बारिश हुई थी। उस समय फिर कई क्षेत्रों में किसानों ने धान की फसल में दिलचस्पी दिखाई थी। इस बीच नलकूपों की तादाद जिले में अच्छी खासी हो गई है। पानी की इस सुविधा की वजह से सरकार ने जनपद में धान की फसल को फिर से प्रोत्साहित करने का निश्चय कर लिया है। धान के लिए 26 कुंतल बीज जिले को उपलब्ध कराया गया है। जिसमें 10.20 कुंतल बरानी दीप, 10.50 कुंतल नरेंद्र 2008 और 5.12 कंुतल बीज पंत-12 प्रजाति का है।
हरी खाद की खेती पर जोर
पिछले कुछ वर्षों से जीवांश बढ़ाने के लिए हरी खाद यानी ढेचा की खेती को बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान देकर सरकार प्रोत्साहित कर रही है। इस वर्ष भी यह प्रोत्साहन जारी रहेगा। जिले में 199.50 कुंतल बीज हरी खाद की खेती के उपलब्ध कराया गया।
बिना ड्राइवर की गाड़ी
खेती का केंद्र बिंदु माने जाने वाले कृषि विभाग की हालत इस समय बिना ड्राइवर की गाड़ी जैसी है। सरकार ने खरीफ की शानदार खेती का मंसूबा जिले के किसानों को पिछली फसलों में हुए लगातार नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए बांध रखा है। लेकिन कृषि अधिकारी का पद खाली होने से अंदेशा जताया जा रहा है कि खरीफ के लिए यह सारी रूपरेखा हवाई किला साबित न हो जाये। कृषि अधिकारी का चार्ज अस्थाई तौर पर भूमि संरक्षण अधिकारी संभाले हुए हैं। जिसके कारण विभाग का कार्य संचालन चुस्त-दुरुस्त तरीके से नही हो पा रहा है।

Leave a Reply