cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। तीन दिन से बिजली न आने के कारण उमस में उबल रहे सर्राफा व्यापारियों ने शुक्रवार को दोपहर में माहिल तालाब के सामने जाम लगा दिया। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था लड़खड़ा गई। लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा जिसमें दोनों ओर वाहनों की दूर तक कतारें लग गईं। इसके बावजूद किसी अधिकारी ने जाम खुलवाने के लिए मौके पर आना गंवारा नही किया।
सर्राफा बाजार में जर्जर विद्युत लाइन अभी तक ठीक नही कराई जा सकी है। जबकि शहरी विद्युत सुधार योजना के अंतर्गत विभाग को भरपूर बजट और सामान मिला था। इसके लिए जो नई केविले उपलब्ध कराई गईं थी वे बिजली विभाग के लोगों ने चोर बाजार में बेंच डालीं। गर्मी के कारण लोड बढ़ने से पुरानी जर्जर लाइनों में वैसे तो हर समय फाल्ट होता ही रहता है लेकिन तीन दिनो से आपूर्ति एकदम ठप्प हो गई है। गर्मी से बैचेन सर्राफा व्यापारियों ने इस दौरान कई बार विद्युत विभाग के अभियंताओं से मिन्नतें की लेकिन वे नही पसीजे। क्रोधित व्यापारियों ने आज माहिल तालाब के सामने जाम लगा दिया। जिससे अफरा-तफरी फैल गई। दुपहिया वाहनों के आसपास की गलियों से निकलने से बस्तियों में भी मुश्किल हालात पैदा हो गये। दूसरी ओर चार पहिया वाहन फसते चले गये जिससे जाम लंबा हो गया। दोपहर में व्यस्ततम मार्ग होने से जाम के कारण लोग बुरी तरह परेशान हो रहे थे। फिर भी कोई अधिकारी और पुलिस जाम खुलवाने के लिए मौके पर नही आई। अंततोगत्वा 2 घंटे तक जाम में जुटे रहकर गर्मी की वजह से पस्त हो जाने के बाद सर्राफा व्यापारी खुद ही जाम खत्म करके वापस चले गये।

Leave a Reply