जालौन-उरई। मोहल्ला खंडेराव में बन रहे नाले का कार्य रुकवाने की कोशिश करने के दौरान कस्बे के दो प्रमुख नेताओं में आपस में विवाद हो गया जिसने देखते-देखते गंभीर झगड़े का रूप ले लिया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को कई थानों की फोर्स मौके पर भेजनी पड़ी।
मोहल्ला खंडेराव में सपा नेता संतोष शर्मा के घर के पास नाला बन रहा है। रावतान निवासी चर्चित दंबग नेता अशोक यादव अपने पुत्र हनी यादव के साथ उक्त नाले का कार्य रुकवाने पहुंच गये जिसका संतोष शर्मा ने विरोध किया तो दोनो पक्षों में झगड़ा हो गया जिसने जंग का रूप ले लिया। इस दौरान अशोक यादव के दर्जनों समर्थक मौके पर पहुंच गये। मामला सपा नेताओं का होने की वजह से पुलिस घटना को लेकर असमंजस में फंसी हुई थी। इस बीच पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी को जानकारी दी गई। उन्होंने सिरसाकलार, चुर्खी, कुठौंद सहित कई थानों का अतरिक्त फोर्स स्थिति संभालने के लिए जालौन भेजा।
बाद में इस मामले में दोनों ओर से मुकदमें दर्ज कर लिये गये। जिसमें संतोष शर्मा और उनके भाई संजू शर्मा को कोतवाली में बंद कर लिया गया। दूसरी ओर अशोक यादव ने अपने पुत्र हनी को उरई के लिए रेफर करा लिया और वे भी उनके साथ चले गये जिससे उनके खिलाफ कोई कदम नही उठाया जा सका। अब दोनों पक्षों में सुलह-समझौता कराने की कोशिश चल रही है।






Leave a Reply