19orai01उरई। पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर यादव का घर वापसी के बाद जिले से गुजरते समय कालपी में सपा के घोषित प्रत्याशियों और अन्य कददावर नेताओं ने जोशीला स्वागत किया। श्यामसुंदर यादव के स्वागत में छल के उत्साह से जाहिर हो रहा था कि जिले के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को उनके फिर पार्टी में लौटने का बेसब्री से इंतजार था। जिले के नेताओं ने जताया कि उनके पार्टी में आने से उन्हें मजबूत छत्रछाया मिलने का एहसास हुआ है।
समाजवादी पार्टी में गुटबंदी के कारण दल छोड़ने को मजबूर हुए श्यामसुंदर यादव को भाजपा में बेगाने होने का तल्ख एहसास हमेशा बना रहा। इसी कारण जैसे ही उन्हें सपा के शीर्ष नेतृत्व से मिलने का मौका मिला सारे गिले शिकवे दूर हो गये। सपा हाईकमान ने भी उन्हें पहले के तरह ही सम्मान और अपनापन दिया। जिसके चलते पार्टी में शामिल होते ही झांसी जिले की बबीना सीट से उनको प्रत्याशी घोषित कर दिया गया।
समाजवादी पार्टी के हाईकमान की रणनीति साफतौर पर बंुदेलखंड में किसी एक नेता के एकछत्र साम्राज्य के आभास को समाप्त करना और गुटीय संतुलन स्थापित करना है। श्यामसुंदर यादव का पार्टी में प्रवेश भी झांसी मंडल में पार्टी के विकेंद्रीयकरण के लिए किया गया है। जिले में श्यामसुंदर के आने से सबसे ज्यादा ऊर्जा पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव को मिली है जो कि साफ-सुथरे और ईमानदार नेतृत्व के धनी माने जाते हैं। कालपी में श्यामसुंदर यादव के स्वागत के समय वे तेज प्रताप सिंह यादव के साथ सबसे आगे-आगे थे। कालपी से घोषित प्रत्याशी विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा, माधौगढ़ से घोषित प्रत्याशी लाखन सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा, समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव मानसिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह गुर्जर भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल रहे।

Leave a Reply