20orai01उरई। अगले विधानसभा चुनाव के लिए मतदान केंद्रों के 28 जर्जर भवन बदल दिये गये हैं। इसके अलावा मतदाताओं के मानक के मद्देनजर 5 नये बूथ बढ़ाये गये हैं। यह जानकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विधानसभा चुनाव और मतदाता सूचियों को अद्यतन करने को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी संदीप कौर ने दी।
विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रशासन तैयारियों में अभी से युद्ध स्तर पर जुट पड़ा है। मतदान केंद्रों का सर्वे पूरा कराया जा चुका है जिसमें 28 भवन जर्जर होने के कारण अनुपयुक्त पाये गये। इनके स्थान पर वैकल्पिक भवन की तलाश पूरी हो गई है। उधर चुनाव आयोग ने निर्देश दिये है कि एक बूथ पर डेढ़ हजार से अधिक मतदाता होने की स्थिति में अतिरिक्त बूथ सृजित कर दिया जाये। इसके दृष्टिगत् पांच अतिरिक्त बूथ स्थापित किये गये हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 13 मतदान केंद्र भवन जर्जर थे जिन्हें बदला गया है और तीन अतिरिक्त मतदेय स्थल बनाये गये हैं। कालपी विधानसभा क्षेत्र में 3 भवन बदले गये हैं लेकिन कोई नया मतदेय स्थल नही बनाया गया है। उरई विधानसभा क्षेत्र में परित्यक्त भवनों की संख्या 12 है जबकि 2 नये मतदेय स्थल बढ़ाये गये हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश है कि मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए कहीं मतदाताओं को 2 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय न करना पड़े। इसमें सर्वे चल रहा है। जरूरत पड़ी तो नये मतदान केंद्र सृजित कराये जायेंगे।
उधर एक अन्य बैठक में डीएम द्वारा कहा गया कि मतदाता के मृत होने अथवा डुप्लीकेसी की वजह से उसका नाम सूची से हटाने के पहले उसे नोटिस जारी कर मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नोटिस की पावती सहित सारा रिकार्ड बीएलओ को सुरक्षित रखना पड़ेगा। साथ ही हर तहसील पर एक खिड़की बनाई जायेगी जिसमें मतदाता सूची के संबंध में सारे फार्म स्वीकार होंगे। इस खिड़की पर विधानसभा और स्थानीय निकाय दोनों ही चुनावों के फार्म लिये जायेगें। सारे बीएलओ नक्शा नजरी और आउटलाइन मैप बनाकर जमा करें। इस मामले में ढिलाई के लिए उन्होंने पांचों तहसील के आरके बाबुओं को फटकार लगाई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा और राजीव शर्मा, कांग्रेस के प्रमोद रिछारिया व बसपा के उदयवीर दोहरे आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply