20orai03 20orai02उरई। ओवर लोड वाहनों के चलने के कारण कालपी के पुराने यमुना सेतु में असाध्य क्षति की वजह से कानपुर-झांसी हाइवे के यातायात को नया रास्ता देने के लिए कुकरगांव के पास नून नदी पर बने नये पुल की बंधिया बैठाने की तैयारी अधिकारी बहुत मन से कर रहे हैं। चूंकि परिवहन विभाग को वरदानी कवच-कुंडल का रक्षण प्रदत्त है जिसकी वजह से शासन और जिले के अधिकारी एआरटीओ के खिलाफ कोई एक्शन लेने में सक्षम नही हो पा रहे हैं।
इसी बीच जिलाधिकारी संदीप कौर ने आज अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कालपी के क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया और सेतु निगम के अधिकारियों से इस बारे में बातचीत की। सेतु निगम के विशेषज्ञ पहले ही बता चुके हैं कि हाल ही में रिपेयर हुआ यह पुल इतनी जल्दी ओवर लोडिंग की वजह से ही क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके बाद होना तो यह चाहिए था कि सबसे पहले एआरटीओ प्रवर्तन और खनिज अधिकारी को नापकर उनका मुंह काला किया जाता। लेकिन जबावदेही तय करने की तो चर्चा तक नही हो रही जो कि बेशर्मी की पराकाष्ठा कहा जायेगा। फिलहाल तो अवैध खनन को जारी रख मौरंग से भरे ओवरलोड ट्रकों के संचालन को बरकरार रखने की जुगाड़ तलाशने की जददोजहद हो रही है।
प्रस्ताव यह है कि झांसी और जालौन के ओवरलोड ट्रकों को कालपी पुल से होकर निकालने की बजाय बाया जालौन, औरैया, भोगनीपुर होते हुए हाइवे पर पहुंचाया जाये। कुकरगांव के पुल की अभी तक फिनसिंग नही हो पाई है। लेकिन आपात स्थिति होने की वजह से पुल की जैसी हालत है वैसे में ही उसे यातायात के लिए खोलना मजबूरी बन गया है। इसके अलावा यह पुल सैंकड़ों की संख्या में हर रोज पार होने वाले 80 टन वजन के डम्फरों व ट्रकों के लिहाज से नव निर्मित होने के वावजूद इतना मरियल है कि दो-तीन महीने में ही इस पुल का भी राम नाम सत्य हो जाये तो आश्चर्य नही होगा। गरीब की जोरू से भी बदतर हालत में जी रहे जालौन जिले के लोग एक के बाद एक सड़क पर गुफा काल से भी ज्यादा दुर्गम होते जा रहे यातायात के चलते बुरी तरह हलकान हैं। लेकिन उनकी सुनने वाला कौन है।

Leave a Reply