cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। अराजनैतिक जनशक्ति मोर्चा के संयोजक आशीष सेठ के नेतृत्व में जन सामान्य को हलकान करने वाली नगर की प्रमुख समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त को नया ज्ञापन भेजा गया है।
इस संदर्भ में आशीष सेठ ने बताया कि राठ रोड उपरिगामी सेतु को हाइवे से कनेक्ट करने का प्रस्ताव लंबित है। साथ ही ऐर, कुइया, ददरी व खरका गांवों के संपर्क मार्गों को भी इससे जोड़ा जाना है। विभिन्न राजनैतिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि इसके लिए अधिकारियों से बराबर गुहार लगा रहे हैं। नगर के तीन वार्ड आधे-अधूरे फ्लाई ओवर का संत्रास झेल रहे हैं जिनके बाशिंदों ने भी गुहार करने में कोई कसर नही छोड़ी है। इसके बावजूद अधिकारियों ने पांच वर्ष गुजार दिये लेकिन आज तक कोई सार्थक कदम नही उठाया है।
आशीष सेठ ने कहा कि फ्लाई ओवर से लोगों को सहूलियत होने की सारी आशाएं धूल-धूसरित हो चुकी हैं। फ्लाई ओवर पर लाइटिंग व्यवस्था व दोनों ओर रेलिंग न की जाने की वजह से न जाने कितने हादसे हो चुके हैं जिनमें कई लोगों को जान गंवानी पड़ी। उन्होंने मंडलायुक्त से आशा प्रकट की कि वे सहानुभूति पूर्वक इन समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित कदम उठायेंगे। ज्ञापन भेजने वालों में राकेश लोहिया, लल्ला हूका, मोहन दलाल, जितेंद्र शुक्ला, रामस्वरूप यादव, राजेश सोनी, नरेंद्र शुक्ला, रामनरेश आदि शामिल थे।

Leave a Reply