0 घुसिया, तूमरा और खकल में बंटवाया राशन, किया वृक्षारोपड़
कोंच-उरई। आज अधिकारी उस वक्त हलकान रहे जब जिलाधिकारी संदीप कौर सबेरे सबेरे बिना किसी पूर्व सूचना के तहसील क्षेत्र के गांवों का निरीक्षण करने पहुंच गईं। उन्होंने विकास खंड कोंच के ग्राम घुसिया तथा नदीगांव ब्लॉक की तूमरा-खकल ग्रामसभा में सरकार द्वारा संचालित खाद्य सुरक्षा योजना के तहत खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की, वहीं कई पात्र गृहस्थियों के उपभोक्ताओं को अपने हाथों खाद्यान्न वितरित किया। ग्राम तूमरा के विद्यालय में उन्होंने वृक्षारोपण भी किया। इन मौकों पर जिलाधिकारी कौर ने कहा कि शासन द्वारा संचालित की जा रही कुछ विशेष योजनाओं जिनमें ,ााद्य सुरक्षा योजना, मनरेगा योजना आदि शामिल हैं, का ठीक ढंग से क्रियान्वयन कराने के उद्देश्य से जिले में तमाम अधिकारियों को इनकी मॉनीटरिंग के लिये लगाया गया है ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ ठीक ढंग से मिलता रहे। अगर कोई कोटेदार खाद्यान्न देने में गड़बड़ी करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित है।
डीएम संदीप कौर ने सबसे पहले कोंच विकास खंड के ग्राम घुसिया में दस्तक दी और खाद्य सुरक्षा योजना से आच्छादित पात्र गृहस्थियों को मिलने वाले खाद्यान्न के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा के तहत काम लोगों को मिल रहा है या नहीं, के बारे में भी पूछा। नदीगांव विकास खंड की ग्रामसभा तूमरा-खकल का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उनके इस दौरे की खास बात यह रही कि उन्होंने अपने इस दौरे को बिल्कुल ही सार्वजनिक नहीं होने दिया, यहां तक कि उनके अधीनस्थ अधिकारी भी इस दौरे के बारे में पूरी तरह से अनभिज्ञ थे। तूमरा में भी उन्होंने कुछ उपभोक्ताओं को अपने हाथों से खाद्यान्न बांटा। मनरेगा को लेकर की गई उनकी तफ्तीश में निकल कर आया कि जिन्हें जरूरत है उन्हें काम मिल रहा है और समय से भुगतान किया जा रहा है। रोजगार के अभाव में पलायन की स्थिति का एक भी केस उनके संज्ञान में नहीं आया। गांव का तालाब भी प्रधान जितेन्द्र पांडे ने भरवा दिया था और पशुओं के लिये पानी की उपलब्धता की स्थिति ठीक ठाक मिली। मनरेगा की स्थिति को लेकर उन्होंने प्रधान पांडे और तकनीकी सहायक इंजीनियर राजीव रेजा की प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने गांव के स्कूल में अमलतास तथा शीशम के वृक्षों के पौधे रोप कर लोगों को प्रेरित करने का भी काम किया, कहा कि आज बिगड़ते पर्यावरण में सबसे ज्यादा जरूरी वृक्ष लगाना है और उनका समुचित पालन पोषण करना है। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी गिरीश शुक्ला, बीडीओ गणेशप्रसाद, आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप, ग्राम सचिव शीलनिधि शुक्ला, लक्ष्मण चैरसिया, योगेश सोनी, आशुतोष ताम्रकार, विपिन शाहा, विजय, मिथलेश दुवे, क्षमाधर दोहरे, सुभाषचंद्र, मुरादखां, कोटेदार चांद मोहम्मद, चतुर्भुज प्रजापति, किशोरी प्रजापति, लालजीसिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply