माधौगढ़-उरई। मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने बंगरा रोड पर विकास खंड भवन के नवीकरण कार्य का समारोह पूर्वक उदघाटन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को समाजवादी खाद्यान्न वितरण योजना, पेंशन योजनाओं, निजी शौचालय व इंदिरा और लोहिया आवास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार सूखे की विपदा में बुंदेलखंड के लोगों के साथ खड़ी है। जिससे उन्हें किसी तरह की तकलीफ का एहसास न करना पड़े।
विकास खंड भवन में नया गेट और चाहरदीवारी निर्माण का कार्य कराया गया है जिसके उदघाटन को लेकर ऊहापोह का माहौल रहा। उरई विधानसभा क्षेत्र में सरकारी उदघाटन और लोकार्पण अधिकारियों की बजाय सदर विधायक से कराये जा रहे हैं। लेकिन माधौगढ़ और कालपी में विपक्षी पार्टियों के विधायक है। सांसद भानुप्रताप वर्मा भी विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के हैं। प्रशासन इनके मामले में जन प्रतिनिधियों को उदघाटन का मौका देने की लीक से उतर जाने में ही खैरियत समझता है तांकि उसे जाने अनजाने सरकार के लोगों का कोपभाजन न होना पड़े। माधौगढ़ विकास खंड भवन के सुंदरीकरण के मामले में भी पहले प्रोटोकाॅल के मुताबिक क्षेत्रीय विधायक संतराम कुशवाहा को उदघाटन के लिए आमंत्रित करने का प्रस्ताव सामने लाया गया था। लेकिन बाद में जोखिम से बचने के लिए इस प्रस्ताव को किनारे कर दिया गया।
उदघाटन समारोह का संचालन खंड विकास अधिकारी एमपी प्रबल ने किया जबकि ब्लाक प्रमुख सोनिया राठौर ने अध्यक्षता की। इस दौरान क्षेत्र के सभी बीडीसी, प्रधान व अन्य गणमान्य नागरिक और ब्लाक के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। माधौगढ़ आने के पहले मुख्य विकास अधिकारी ने रामपुरा ब्लाॅक का निरीक्षण किया। मनरेगा के असंतोषजनक प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और बीडीओ सहित पूरे स्टाॅफ को सख्त चेतावनी दी।






Leave a Reply