21orai01उरई। मानसून ने देर से दस्तक दी फिर भी प्रशासन और पालिका शहर में जल निकासी के लिए चाक चैबंद व्यवस्था नही कर पाई है जिसकी पोल सोमवार की रात मानसून की पहली बारिश में कई मोहल्ले में हुए जल भराव से खुल गई।
गौरतलब है कि जिले में मानसून की आमद सही समय पर 15 जून को होती है। इसलिए नालों-नालियों की सफाई और जल निकास के लिए नई संरचनाएं बनाने व अवरोध हटाने का काम 10 जून तक निपटा लेने की कार्य योजना बनाई जाती है। लेकिन पिछले कुछ समय से पालिका काम के नाम पर आडंबर संस्कृति को आत्मसात करने में अग्रणी हो गई है। जिसकी वजह से तामझाम भर करके काम की इतिश्री कर दी जाती है। फिर भले ही वह डोर टू डोर सीटी बजाकर कूड़े इकटठे करने का मार्केटिंग की तर्ज पर इवेंटनुमा अभियान हो या फिर राहगीरों को गर्मी में प्यास बुझाने के लिए प्याऊ खुलवाने की कवायद।
जल निकासी के नाम पर पालिका प्रशासन की सजगता का भी ऐसा ही हश्र बरखा रानी की झलक भर पड़ने के बाद देखने को मिल रहा है। चंद मिनटों की बारिश में ही राठ रोड, इंदिरा मार्केट में शुक्ला मेडिकल काॅलेज, डाॅ. मनोज दीवोलिया के क्लीनिक और गुप्ता सेनेटरी सामान की दुकान के सामने जल भराव की वजह से आवागमन अवरुद्ध हो गया। राहगीरों को पानी में घुसकर आना जाना पड़ा। यह हालत अकेली राठ रोड की नही है। शहर के कई अन्य इलाकों में भी जल भराव से नारकीय स्थिति निर्मित हो गई है। लोग कह रहे है कि जब इतनी हल्की बारिश में हालात इतने बदतर हो सकते हैं तो मानसून की झड़ी लगने पर शहर का नजारा क्या होगा इसका अंदाजा लगाया जाना चाहिए। जल भराव के साथ बीमारियां एक के साथ दूसरा फ्री की तर्ज पर फैलती हैं। इस कारण बारिश में पालिका के बाद स्वास्थ्य विभाग के इंतजामों की भी परीक्षा होगी। देखना है कि लापरवाही में किसी से भी पीछे न रहने वाला स्वास्थ्य और चिकित्सा का महकमा अपनी आन पर कायम रहेगा या बीमारियों को महामारी की पराकाष्ठा तक पहुंचने से रोकने के लिए ऐन समय कुछ हाथ पैर चलाने की सोच लेगा।

Leave a Reply