cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। जिलाधिकारी संदीप कौर की अध्यक्षता में मुख्यालय पर तहसील दिवस के आयोजन में शिकायतें तो खासी संख्या में आई लेकिन माहौल नीरस रहा। ज्यादातर शिकायतों में नगण्य उलाहने शामिल थे। अधिकारियों ने शिकायतों को सूचीबद्ध करके फरियादियों को पावती थमा दी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाला तहसील दिवस होने की वजह से पेशेवर शिकायतकर्ताओं की भरमार रही। इसलिए कोई दमदार शिकायत सामने नही आई। 102 अर्जियां दाखिल की गई जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। अन्य अर्जियों को जांच और रिपोर्ट मांगने के कर्मकाण्ड के लिए संदर्भित कर मुक्ति पा ली गई।
सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग की 16 आईं। जबकि इसके बाद पुलिस का नंबर रहा। खाकी के खौफ के बावजूद 8 फरियादियों ने पुलिस से संबंधित मामलों में अर्जियां दी। सहकारिता की 4, समाज कल्याण की 4, बेसिक शिक्षा की 3 और अन्य विभागों की 67 शिकायतें प्रस्तुत हुईं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह और लगभग सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। एक वकील साहब ने विधायक निधि से तहसील में स्थापित शीतल जल केंद्र के खराब होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि न तो तहसील के वाटर कूलर से ठंडा और न ही शुद्ध पानी निकलता है। उनकी शिकायत पर उपस्थित भीड़ में कई लोग चिल्ला पड़े कि शहर के सभी सार्वजनिक वाटर कूलरों का यही हाल है। चाहे वे विधायक निधि से लगे हों या चाहे नक्शे के नाम पर अतार्किक टैक्स लगाकर मकान के तलबगारों का खून पीने वाले ओडीए के बजट से।

Leave a Reply