उरई। प्रखंड वनाधिकारी भीमसेन का व्यक्तित्व भी भीमकाय है लेकिन शायद इंद्रियां किसी दैवीय प्रकोप की वजह से मंद हो गई हैं। इसीलिए दिन दहाड़े तक खेतों में धमाचैकड़ी मचाने वाली नीलगाय अगर किसी को नही दिखाई देती तो वे अकेले इस जिले के डीएफओ साहब हैं।
जंगलात खत्म होने के बाद एक अर्से से जिले में नीलगायें गांवों की ओर चारे और पानी के लिए रुख कर रही हैं। जिससे किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच गये हैं। कर्जा लेकर किसान खेतों की बाड़बंदी करा रहे हैं। फिर भी नीलगायों के उत्पात से उनको त्राण नही मिल रहा। दूसरी ओर सड़कों पर नीलगायों के सरपट दौड़ने से वाहन दुर्घटनाएं कम नही हो रहीं। किसान दिवस की बैठकों में नीलगायों के कहर से बचाने की गुहार सबसे ज्यादा लगाई जाती है। लेकिन आंखों के साथ-साथ कान भी कमजोर होने की वजह से डीएफओ साहब को शायद यह गुहार कभी सुनाई नहीं दी। वैसे भी वे किसान दिवस में कम ही समय दे पाते हैं। इसलिए उन्होंने एकआध बार सुन भी लिया हो तो स्मृतिक्षय को दोष होने के कारण उन्हें इसकी याद नही रही।
इसी कारण जब आज उनसे पूंछा गया कि आपने जिले में किसी को नीलगाय मारने का लाइसेंस दिया है या नही तो डीएफओ साहब ने कहा कि जब जिले में नीलगायें हैं ही नही तो लाइसेंस देने की जरूरत क्या है। किसानों को जब डीएफओ के इस जबाव की जानकारी हुई तो धगुवां के किसान नेता रामजी गुर्जर ने कहा कि वे उनके पास जायेंगे और उन्हें अपने खर्चें पर काड़वां ले चलने का प्रस्ताव रखेंगे तांकि उनकी मंद इंद्रियों को सक्रिय करने के लिए वहां के प्रसिद्ध वैद्य की अचूक दवा दिलाई जा सके।
उधर डीएफओ ने बताया कि जुलाई में विशेष पौधरोपण अभियान के तहत 14 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य जिले को सौंपा गया है। इसके लिए साइटबार कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है।






Leave a Reply