उरई। स्वराज अभियान संगठन की बैठक दलित चिंतक पंकज सहाय के चुर्खी रोड स्थित आवास पर आयोजित हुई। जिसमें तय किया गया कि बुंदेलखंड में अंधाधुंध खनन और ओवरलोड वाहनों के कारण ध्वस्त होती सड़कों के मुददे पर केंद्रीय नेतृत्व से अनुमति लेकर आंदोलन छेड़ने की रूपरेखा बनाई गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए पंकज सहाय ने कहा कि अखिलेश सरकार ने सत्ताधारी नेताओं की मिली भगत से माफियाओं द्वारा मिटटी, गिटटी, बालू जैसी खनिज संपदा की लूट चरम सीमा पर है। आये दिन इनसे ऊपर तक लदे और भरे ट्रक सड़कें बर्बाद कर रहे हैं। जिससे जनमानस को दुर्घटनाओं का शिकार होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की भी इसमें भारी चूक है। जब कालपी का पुल क्षतिग्रस्त हुआ तो जिला प्रशासन को तो भनक भी नही लगी थी। माफियाओं ने ही जब मुख्यमंत्री को बताया इसके बाद लखनऊ से रिपोर्ट तलब की गई तो जिला प्रशासन को पुल क्षतिग्रस्त होने का पता चल पाया। युवा नेता नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को जिले की समस्याओं से कोई सरोकार नही है। इसीलिए जनता लुटती रहे उन्हें कोई सरोकार नही है।
वरिष्ठ नेता भग्गूलाल बाल्मीकि ने कहा कि हाईकोर्ट के रोक के बावजूद सरकार की मिली भगत से धड़ल्ले से जारी खनन से साबित हो जाता है कि राज्य में संवैधानिक मशीनरी फेल हो चुकी है। राज्यपाल को ऐसे में सरकार बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश कर देनी चाहिए। बैठक में कल्लन खां, पुष्पेंद्र गुर्जर, मोनू यादव, सत्तू महाराज, शीलू विश्वकर्मा, नीरज खंडेराव, हर्ष चैधरी, अनिल वर्मा, दिनेश कनौजिया आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।






Leave a Reply