उरई। चंबल के बीहड़ो से संसद तक का सफर तय करने वाली फूलन देवी की रीयल स्टोरी किसी फिल्म और उपन्यास से भी ज्यादा रहस्य रोमांच भरी, दर्दनाक, बगावत और जरायम के अनछुए पहलुओं को समेटती दास्तान है। इस बीच फूलन की हत्या को डेढ़ दशक का समय गुजर चुका है इसलिए उनकी यादें भी गुजरी दास्तां बनकर वक्त के सीने में दफन हो चुकी हैं। लेकिन उनकी मां और बहन पर उनके गांव में जो गुजर रही है उसके बहाने एक बार फिर फूलन का नाम सुर्खियों मे आ गया है।
जिद फूलन के परिवार के डीएनए में है। इसीलिए अनाथ हालत में जी रहीं उनकी मां मुला देवी व बहन रामकली के तेवरों में वही फूलन झलक जाती है जिसने सामाजिक तिरस्कार, पारिवारिक अन्याय और खाकी के दमन से बिफरकर जब बंदूक उठाई तो विनाश की एक ऐसी मिसाल बन गई जिसने बेहमई नरसंहार को अंजाम देकर चंबल में हैवानियत के सारे रिकार्ड तोड़ दिये। अब फूलन की बहन रामकली अपने ही पारिवारिक मइयादीन के खिलाफ इतनी ज्यादा गुस्से में भरी हुई है कि दीदी की तरह बंदूक उठाकर बीहड़ में कंूद जाने की धमकी देने से नही हिचक रही। प्रशासन को भले ही इससे कोई फरक न पड़ता हो। लेकिन चंबल-पचनदा क्षेत्र के बाशिंदों के लिए उसकी धमकी नींद उड़ाने वाली है।
मुला देवी और रामकली की लड़ाई अपनों से है। फूलन देवी की बगावत के कारणों की असली वजह जब रौ में उनके मुंह से निकलती है तो माला सेन से लेकर शेखर कपूर तक नंबंर एक के लफ्फाज नजर आते हैं। जिन्हें कहानियां गढ़ने में महारथ हासिल है और यह पता है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गैर पश्चिमी देशों की उन कहानियों को ही भरपूर कीमत मिलती है जिनमें उन देशों और समाजों को बदनाम करने का भरपूर मसाला हो।
मुला देवी और रामकली अपनों से इतनी छली गई कि फूलन ने जो वैभव अर्जित किया था उसका रंच मात्र भी उनके पास नही दिखता। उनकी कहानी में फूलन का तथाकथित प्रेमी उम्मेद सिंह से लेकर मुला देवी के दोनों बेटे तक विलेन के रूप में हैं। कोई कल्पना नही कर सकता कि फूलन जिसे लाइव शूट करने और जिसके विभिन्न पोज के फोटो तैयार करने में करोड़ों खर्चा उस समय किया गया, उसकी सगी मां और बहन दुर्गम पैतृक गांव में गुमनाम सी जिंदगी जीती हुईं भुखमरी का सामना करने को मजबूर हो रहीं हैं। मुला देवी के बेटे खुद तो उनके खानेपीने का खर्चा उठाने की परवाह कर ही नही रहे उनकी जमीन पर कब्जा करने वाले पारिवारिक भाई से उन्हें अपना हक दिलाने के लिए प्रयास करने में उन्हें कोई दिलचस्पी नही है।
बहरहाल मुला देवी और रामकली ने जिला मुख्यालय पर आकर पत्रकारों के सहयोग से जिलाधिकारी संदीप कौर के सामने जब अपनी व्यथा रखी तो वे भी जिंदगी में उलटबांसी के इस नमूने को देखकर हैरत में पड़े बिना नही रहीं। जमीन वापस दिलाने के बारे में तो न्यायिक प्रक्रिया के चलते वे कुछ न कह सकीं। लेकिन मुला देवी को पेंशन व अन्य मानवीय राहत दिलाने का वायदा उन्होंने जरूर किया है। शायद उनकी यह सहानुभूति बीहड़ में एक और फूलन को जन्म लेने से रोक सके।






Leave a Reply