0 कुल 24 फरियादें आईं, 1 का मौके पर निस्तारण
konch3कोंच-उरई। तहसील दिवस में आज एसडीएम गोरेलाल शुक्ला के कड़े तेवर देखने लायक थे, कुछ अधिकारियों की गैरमौजूदगी देख कर भड़के एसडीएम ने अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है, साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इस तरह की कार्यप्रणाली कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी। उन्होंने आज आई समस्याओं का सप्ताह भर के भीतर निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिये, अन्यथा की स्थिति में रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही।
एसडीएम गोरेलाल शुक्ला की अध्यक्षता और सीओ अवधेशकुमार शुक्ल की मौजूदगी में निपटे आज के तहसील दिवस में आज कुल जमा 24 शिकायतें आई जिसमें एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उन्होंने पानी और बिजली वाले विभागों को निर्देशित करते हुये कहा कि उनसे जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखें ताकि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के चेयरमैन काजी जाहिद ने दो अलग अलग प्रार्थना पत्रों के माध्यम से नगर के मुख्य स्थानों स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक, पीएनबी इलाकों में पेशाबघर नहीं होने के कारण महिलाओं को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं लिहाजा टॉयलेट बनवाये जायें। उन्होंने महेशपुरा रोड व कैलिया रोड पर हो रही अवैध शराब की बिक्री रोकने की भी मांग की। तहसील दिवस में तहसीलदार भूपाल सिंह, बीडीओ कोंच व नदीगांव गणेशप्रसाद, आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप, जेई जल संस्थान एससी सचान, कोतवाली के दरोगा रवीन्द्र त्रिपाठी, वन क्षेत्राधिकारी वीके सिंह आदि मौजूद रहे।
अति गरीब महिला का अंत्योदय कार्ड तत्काल बनवाया
आज के तहसील दिवस की सार्थकता सिद्ध होती प्रतीत तब हुई जब वहां एसडीएम गोरेलाल शुक्ला के समक्ष कस्बे के मोहल्ला गांधीनगर की निवासी अति गरीब महिला मुन्नीदेवी पत्नी स्व. कमलाचरन ने गुहार लगाई कि वह बिल्कुल अकेली है और उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और उसके कोई संतान भी नहीं है। इतनी गरीब होने के बाबजूद उसे न तो सरकार द्वारा संचालित किसी भी खाद्यान्न वितरण योजना का लाभ मिल रहा है और न ही उसे कोई पेंशन ही मिलती है, उसकी मदद की जाये। एसडीएम ने तत्काल आपूर्ति निरीक्षक को बुला कर किस प्रकार उसकी मदद की जा सकती है, के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि एक अंत्योदय कार्ड धारक की मृत्यु हो चुकी है और वह स्थान रिक्त है। एसडीएम के निर्देश पर मुन्नीदेवी का अंत्योदय कार्ड बना दिया गया।

Leave a Reply