कोंच-उरई। समीपस्थ ग्राम खकल से दो दिन पूर्व रात्रि के किसी वक्त चुराई गई एक भैंस को आज कोतवाली पुलिस ने बरामद कर लिया है। दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है जबकि तीसरा अभियुक्त फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खकल में 20 जून को भावसिंह पुत्र तुल्लीराम की भैंस बाड़े में बंधी थी तभी रात्रि के किसी वक्त अज्ञात चोरों ने उसकी भैंस चोरी कर ली जिसकी सूचना उसने कोतवाली पुलिस को दे दी थी। मंगलवार की शाम कोतवाली के दरोगा रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी, उदयपाल सिंह, राजेन्द्रप्रसाद दुवे, सिपाही राजीव कुमार, अपवरअली, राजाभैया आदि महेशपुरा रोड पर कबूतरा डेरों के पास गश्त पर निकले थे तभी दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पुलिस को दिखे, उनके साथ भैंस भी थी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जब पूंछतांछ की तो वह भैंस चोरी की निकली। गहन पूछताछ में पकड़े गये लोगों मुकेशकुमार पुत्र अवधेशकुमार, रमेशचंद्र पुत्र सुघनसिंह निवासी ग्राम महलुआ थाना कोतवाली कोंच ने बताया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी रवि यादव पुत्र मुन्नालाल निवासी महलुआ के साथ मिल कर यह भैंस गांव खकल से चुराई थी। तीनों के खिलाफ भादंवि की धारा 379, 411 में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है, फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।






Leave a Reply