0 पुलिस को कहानी में नजर आ रहे हैं छेद ही छेद
konch3कोंच-उरई। बीती शाम धनौरा भेंड़ के बीच एक बाईक सवार की कनपटी पर तमंचा अड़ा कर दो बदमाशों ने कथित रूप से बाईक लूट ली। लुटापिटा बाईक मालिक आज कोतवाली में तहरीर दे गया है जिसमें उसने कथित लूट मामले में दो लोगों को नामजद किया है। पुलिस को इस कहानी में छेद ही छेद नजर आ रहे हैं, उसने इस मामले में लेनदेन की बात से भी इंकार नहीं किया है।
ग्राम तीतराखलीलपुर निवासी पर्वतसिंह पुत्र लालसिंह परिहार ने आज कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि कल 23 जून की शाम लगभग पांच बजे वह अपनी बाईक डिस्कवर काली नंबर यूपी 92 क्यू 5713 से भेंड़ जा रहा था तभी पुलिया के पास धनौरा निवासी दो लोगों ने उसे जबरन रोका और कनपटी से तमंचा अड़ा कर उसकी बाईक छीनने की कोशिश तो उसने विरोध किया जिस पर उक्त दोनों बदमाशों ने उसकी पिटाई करके बाईक छीन ली और भाग गये। इस मामले में कोतवाली पुलिस को कहानी में कई छेद नजर आ रहे हैं, पुलिस का कहना है कि कल की घटना है और शिकायत करने बीस घंटे बाद आना आश्चर्यजनक है। इसके अलावा जिस तरह से नामजदगी की गई है उससे प्रतीत होता है कि मामला कुछ और ही है। पुलिस ने लेनदेन की बात की संभावना से भी इंकार नहीं किया है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply