उरई। सरकार में बैठे लोगों और अधिकारियों के आशीर्वाद से टूरिस्ट परमिट पर रेगुलर बनकर हाइवे पर दौड़ रहीं शताब्दी ट्रैवल्स की बसें तरह-तरह के कारणों से जनचर्चाओं का केंद्र बिंदु बनी हुई हैं। चर्चा का ताजा प्रसंग गुजरात से लौट रही महिला का बैग शताब्दी बस से गायब हो जाना है। बैग में नगदी और जेवर रखे हुए थे।
शताब्दी बस के संचालन से परिवहन कर का चूना तो सरकार को लग ही रहा है। इन बसों के जरिये वाणिज्यकर चोरी करके तमाम सामान की भी आवक जिले में हो रही है। साथ-साथ में बसों में स्टाॅफ के नाम पर असामाजिक तत्व यात्रियों के लिए घातक बन रहे हैं। गुरूवार को शीलम पत्नी अनिल निवासी मुरैना सूरत से आकर कानपुर से इस बस के जरिये ग्वालियर जा रहीं थीं। कालपी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत जोल्हूपुर मोड़ चैराहे पर उक्त महिला ने अपना बैग जिसमें नगदी व जेवर रखे थे देखना चाहा तो बैग गायब मिलने से उसके होश उड़ गये। महिला ने चिल्लाना शुरू कर दिया जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बस का कंडेक्टर भाग निकला। बाद में पुलिस ने मौके पर आकर बस स्टाॅफ के दो सदस्यों को हिरासत में ले लिया। जिनके नाम सुघर सिंह व कल्याण सिंह पुत्रगण बादाम सिंह निवासी करसाना जिला शिवपुरी बताये गये हैं। पुलिस ने काफी देर तक इन लोगों से पूंछतांछ की लेकिन कोई सुराग नही मिल सका। उधर पुलिस के ही जरिये इस मामले को समझौते से रफादफा करने का प्रयास भी चल रहा था। चूंकि शताब्दी ट्रैवल्स से पुलिस का नजदीकी का रिश्ता है जिसके कारण पुलिस के अधिकारी नही चाहते कि बस कंपनी की प्रतिष्ठा में कोई आंच आयें।






Leave a Reply