उरई। कोतवाली के सामने अपने ऊपर मिटटी का तेल डालकर आग लगा लेने वाले युवक की मौत के बाद पुलिस प्रशासन बैठे-बिठाये कटघरे में खड़ा हो जाने से परेशान है। वहीं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए इस तरह की बढ़ती घटनाओं की इस नई कड़ी ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं।
गौरतलब है कि गुरूवार को दोपहर बाद कोतवाली के सामने एक युवक ने अचानक अपने ऊपर मिटटी का तेल डालकर आग लगा ली। जब वह आग का गोला बनकर दौड़ने लगा तब लोगों का ध्यान उस ओर गया और हल्ला मच गया। कोतवाली के भीतर से सिपाही भी दौड़कर बाहर निकल पड़े और युवक के जलने का नजारा देखकर उनके होश उड़ गये। सिपाहियों ने किसी तरह से उसके ऊपर कपड़ा डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल भी पहुंचा दिया गया। लेकिन उस समय तक युवक बुरी तरह झुलस चुका था। जिसके कारण जिला अस्पताल के डाॅक्टरों ने उसे देखकर फौरन हाथ खड़े कर दिये और उसको झांसी मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया।
इसी बीच युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान शिवनाथ गोयल के पुत्र सुरेश कुमार गोयल के रूप में हुई। पता चला है कि युवक जिला परिषद मार्केट की दुकान नंबर 41 पर अपना दावा जता रहा था जबकि उक्त दुकान पर सुशील द्विवेदी काबिज हैं। सुरेश कुमार एसपी से इसकी शिकायत करने गया था। एसपी ने यह कहकर उसकी मदद करने में असमर्थता जताई थी कि यह पुलिस के अधिकार क्षेत्र का मामला नही है। किसी जज या मजिस्ट्रेट से आर्डर करा लें इसके बाद पुलिस मदद कर पायेंगी। सुरेश को एसपी का यह जबाव इतना खटका कि उसने उनसे बदला लेने के लिए कोतवाली के सामने जल मरने की जिद ठान दी जिसकी कल्पना भी पुलिस नही कर सकती थी।
अब एसपी के रवैये पर उंगलियां उठ रहीं हैं लेकिन सवाल यह है कि क्या एसपी का जबाव सही नही था। मरने वाले के प्रति सहानुभूति स्वाभाविक है लेकिन अगर पुलिस या प्रशासन मनमाने ढंग से काम कराने के लिए आये व्यक्ति की हठधर्मिता के आगे इस वजह से झुक जाये कि वह कोई अनहोना कदम उठा लेगा तो व्यवस्था कहां रह जायेगी। यह भी एक सवाल है। पूर्व जिलाधिकारी रिग्जियान सैंफिल के समय उरई क्लब में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हठधर्मिता पर उतारू एक कर्मचारी ने खुद को आग लगा ली थी। हालांकि बाद में वह कर्मचारी बच गया था लेकिन प्रशासन कई दिनों तक हड़बड़ाहट में रहा और इस दबाव में जो कोई अधिकारियों के सामने मरने की धमकी देता हुआ दर्खास्त लेकर पहुंचा अधिकारी ने जायज-नाजायज देखे बिना उसका काम कर दिया। इसके चलते कई लोगों के साथ नाइंसाफी हुई।
सुरेश गोयल की मौत के प्रकरण ने एक बार फिर उसी समय जैसे माहौल को तैयार करने की भूमिका रच दी है। इसका एक और चिंता जनक पहलू यह भी है कि सुरेश गोयल को इस कदम के कारण मौत के बाद मिल रहे अर्थहीन समर्थन की वजह से सनकी मिजाज के दूसरे उन लोगों को भी ऐसा ही तरीका अपनाने का उकसावा मिल रहा है। बहरहाल सुरेश गोयल की मौत के मामले ने एक द्वंदात्मक स्थिति पैदा कर दी है। जिसे सही समाधान की दरकार है।






Leave a Reply