0 कोंच-उरई की बदहाल सड़क को लेकर नेताओं का सफेद झूठ आया सामने
कोंच-उरई। मिशन 2017 को फतेह करने की तैयारियों में जुटी सपा के ताबूत में आखिरी कील यहां की बदहाल सड़कें बनने बाली हैं। जिले की कमोवेश सभी सड़कों का बुरा हाल है, खासतौर पर कोंच को जिले के अन्य क्षेत्रों से जोडने वाली सभी सड़कें जिस जर्जर हालत में हैं उन्हें देख कर सरकारी पार्टी के मंसूबों पर हंसी आती है और बरबस ही जेहन में यह बात कोंधती है कि क्या विकास की दुहाई देने वाली सरकारी पार्टी के नेताओं को यहां की सड़कों की दुर्दशा दिखाई नहीं देती है। क्या इन्हीं खस्ताहाल सड़कों के भरोसे दोबारा से लखनऊ फतह का सपना संजो रही है सत्ताधारी सपा? इन सड़कों के निर्माण को लेकर दिये गये सत्ताधारी नेताओं के समय समय पर जारी हुये बयान भी कोरी लफ्फाजी के अलावा और कुछ नहीं निकले। बरसात की आमद हो चुकी है और अब इस सड़क के नर्क में तब्दील हो जाने की पूरी गुंजाइश है।
जिला मुख्यालय उरई से कोंच के बीच अट्ठाइस किलोमीटर की दूरी में शायद ही ऐसी जगह कहीं हो जिसे सड़क कहा जा सके, वरना तो पूरा रोड ही उखड़ा पड़ा है और इस छोटी सी दूरी को तय करने में तकरीबन डेढ से दो घंटे का समय लगता है। अगर कोंच के बाशिंदों को उरई जाना है तो उन्हें वाया पिंडारी और एट होकर जाना पड़ता है। कोंच वासियों की यह आवागच्च नई नहीं है बल्कि कई सालों से यहां के लोगों ने कोंच-उरई मार्ग पर सफर करना बंद कर रखा है। इस कोंच-उरई रोड की लीपापोती के लिये आया सरकार का लाखों रूपया कहीं भी सड़कों पर नहीं दिखा, यहां तक कि रिपेयरिंग तक सालों से नहीं हुई, ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि रिपेयरिंग के लिये आया पैसा आखिर कहां गया? इस रोड के निर्माण को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों के उठते सवालों पर सपाई यही कहते रहे कि अगले माह टेंडर हो रहे हैं, दो महीने बाद काम चालू हो जायेगा, बगैरह बगैरह। जबकि हकीकत यह है कि ये नेता सफेद झूठ बोलते रहे हैं और उनकी कलई खुल कर सामने आ चुकी है। उद्योग बंधु की लगभग हर बैठक में यह मुद्दा उठाया जाता है और हर बार अभियंताओं का जबाब कि अभी यह स्वीकृत नहीं है, नेताओं का झूठ सामने ला पटकता है।
कमोवेश यही हाल एट रोड का भी है, इस पंद्रह किलोमीटर की सड़क पर कभी वाहन फर्राटे भरते नजर आते थे अब उसी सड़क पर दो-दो हाथ के गड्ढे मौत के परकाले बने हुये हैं। वाहनों का इस सड़क पर चल पाना एवरेस्ट की चढाई से कम नहीं है। सड़क की यह हालत हुई है अबैध खनन के कारण। जिले के पूर्वी छोर से निकलने बाली बेतवा नदी पर तमाम घाटों से अवैध बालू खनन और इन सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के कारण सड़कों की यह हालत होना किसी से छिपा नहीं है। अब स्थिति यह है कि एट-कोंच के बीच का आवागमन भी वाया पिंडारी हो गया है। इसके अलावा कोंच कैलिया मार्ग, कोंच पहाडगांव मार्ग, कोंच कमसेरा मार्ग का कोंच से तीतरा तक का हिस्सा, कोंच महेशपुरा मार्ग के हालात भी देखने लायक हैं जिन पर सफर करना जंगल सफारी जैसा ही है। ऐसी स्थिति में सपा सरकार विकास का जो ढिंढोरा विकास किया है, विकास करेंगे का पीट रही है उसे सुन कर हंसी आती है और आश्चर्य भी होता है। सपा का सारा विकास सड़कों पर बिखरा दिखाई दे रहा है। हास्यास्पद तो यह है कि क्या इन्हीं सड़कों के भरोसे सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह और प्रदेश के मुखिया अखिलेश दोबारा से सत्ता तक पहुंचाने का ख्वाब संजो रहे हैं? अगर ऐसा है तो यह उनका मुगालता ही है क्योंकि यही बदहाल सड़कें आगामी विस चुनाव में सपा के ताबूत में आखिरी कील जडने के लिये काफी हैं।
एकमात्र कोंच-पिंडारी मार्ग ही है यहां की लाइफ लाइन
लगभग हर दिशा से टापू बन चुके कोंच के लिये एक मात्र सड़क ही ऐसी बची है जो यहां के लिये लाइफ लाइन का काम कर रही है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत निर्मित कोंच-पिंडारी मार्ग एक मात्र रास्ता है कोंच से निकलने के लिये। चाहे कानपुर लखनऊ जाना हो या मंडल मुख्यालय झांसी जो परस्पर बिल्कुल विपरीत दिशाओं में हैं, कोंच-पिंडारी रोड का ही सहारा लेना पड़ता है। किसी नेता को कोंच आना हो या मंत्री को या किसी भी अधिकारी का कोंच जब भी आना जाना होता है तो वह उरई से सीधा कोंच आने का जोखिम कतई नहीं उठाता है बल्कि वाया पिंडारी ही आता जाता है। जब यहां के लोग कल्पना करते हैं कि काश! यदि कोंच-पिंडारी रोड न होती तो कोंच के लोग तो बर्बाद हो गये होते।
इंसेट में-
कोंच वासियों की अगर मानें तो सड़कों की इतनी दुर्दशा उन्होंने अपने जीवन में कभी नहीं देखी। गृहिणी और भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अंजली सोनी कहती हैं कि अब तो इस बात की इंतेहा हो गई है कि सरकार जनता की चीखों को सुनना भी गवारा नहीं कर रही है। पहले कम से कम सड़कों की रिपेयरिंग होती रहती थी और सड़कें चलने लायक बनी रहती थीं, लेकिन इस सरकार ने तो आंखें और कान दोनों ही बंद कर लिये हैं। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेता रामशंकर छानी कहते हैं कि सालों बीत गये कोंच-उरई रोड पर सफर किये हुये। उन्होंने कहा है कि ग्रामीण इलाकों की हालत तो और भी बदतर है, लिंक रोड्स का अता पता नहीं है और जब मुख्य सड़कों की ही कोई सुनवाई नहीं हो रही है तो गांवों के लिंक रोड्स की दशा सुधरना निरी कल्पना ही है। सुशील दूरवार मिरकू भी सड़कों की दुर्दशा को लेकर काफी आहत हैं, उनका गांव कोंच-उरई के ठीक मध्य में है और अपने गांव पहुंचना उनके लिये पर्वतारोहण जैसा अनुभव रहता है। उन्होंने इसके लिये सत्ताधारी दल के स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों को सीधे सीधे जिम्मेदार मानते हुये कहा है कि वे यहीं कोरी बयानबाजी करते हैं जबकि सरकार तक अपनी बात पहुंचा पाने में बिल्कुल नाकाम सिद्घ हुये हैं।
फोटो-कोंच3-अंजली सोनी, कोंच4-रामशंकर छानी, कोंच5-सुशील दूरवार मिरकू






Leave a Reply