उरई। जिले में चोरी की घटनाएं थम नहीं रहीं हैं। शुक्रवार रात कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ोरा में चोरों ने एक घर से लाखों के जेवर व नकदी चोरी कर ले गये। सुबह घर वालों को चोरी का पता चला। उधर सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम जहटौली में चोरों ने एक दुकान के ताला चटका दिए। दस हजार रुपये कीमत का सामान चोर पार कर ले गये। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दे दी गई है।
कुठौंद के ग्राम मड़ोरा में रामकुमार गुप्ता के घर में सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान छत के रास्ते से चोर घर के भीतर दाखिल हो गये। किसी को चोरों की आहट भी महसूस नहीं हुई। बड़े आराम से चोर बक्सा और सेफ खोलने में कामयाब हो गये, उसमें रखे तीन लाख रुपये कीमत के जेवर व बीस हजार रुपये की नकदी पार कर ले गये। सुबह घर वालों की नींद खुली को कमरों में बिखरे पड़े सामान को देख सभी के पैरों तले से जमीन खिसक गये। रुपये व जेवर सब चोर पार कर ले गये थे। रामकुमार गुप्ता ने पुलिस को अपने घर में हुई चोरी के बारे में सूचना दी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
उधर सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम जहटौली में शुक्रवार रात चोरों ने टायर पंचर सुधारने वाली दुकान के ताला चटका दिए। दुकान से करीब 10 हजार रुपये कीमत के टायर चोर पार कर ले गये हैं। सुबह दुकान मालिक वीरू विश्वकर्मा दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटे देख उसके होश उड़ गये। दुकान में जेनरेटर भी रखा था, लेकिन आहट मिलने पर गांव के कुछ लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया था। जिसकी वजह से चोर भाग गया। अन्यथा पूरा सामान चोर ढो ले गये होते। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दे दी गई है।






Leave a Reply