0 बालू से भरे डेढ सौ ट्रक खाली कराए डकोर पुलिस ने
01july2016-5उरई। ओवर लोडिंग के कारण बड़े पैमाने पर क्षतिगस्त हो चुकी सड़कों एवं पुलों से मचे कोहराम के बाद हरकत में आए प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा लगाए गए बैरियरों पर पुलिस ने डेढ सौ से अधिक बालू से भरे ओवर लोड ट्रकों को खाली करवाया। ओवर लोडिंग रोकने के लिए लगाए गए बैरियरों की प्रगति का हाल जानने के लिए जिलाधिकारी संदीप कौर ने मुहाना बैरियर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस जिलाधिकारी संदीप कौर के द्वारा जनपद में ओवर लोडिंग रोकने के लिए तीन स्थानों पर बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए थे। इस पर एआरटीओ द्वारा कदौरा, डकोर तथा पिरौना पर बैरियर लगाए गए है। कल से काम कर रहे इन बैरियरों से ओवर लोड ट्रकों को वापस किया जा रहा है। आज जिलाधिकारी संदीप कौर ने भी एआरटीओ प्रवर्तन धनवीर यादव के साथ डकोर क्षेत्र में लगे बैरियर का निरीक्षण किया जहां पर मुस्तैद डकोर थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने जिलाधिकारी को बताया कि अब तक डेढ सौ ओवर लोड ट्रकों को खाली कराया जा चुका है और सभी ट्रक आपरेटरों को हिदायत दी गई है कि वह अंदरलोड होकर चले और इसके बाद भी ओवर ट्रक आते है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी संदीप कौर ने बैरियर पर मौजूद अधिकारियों, पुलिस कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी सूरत में ओवर लोड ट्रकों का आवागमन न होने पाए अगर इसके बाद भी ट्रक ओवर लोड होकर चलते है तो ऐसे ट्रकों का चालान एवं उन्हें सीज करने की कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि ओवर लोड ट्रक जिले में नही चल पाएगे और इसके बाद भी अगर ओवर लोड वाहन जिले की सड़कों पर दौड़ते है तो बैरियरों पर तैनात अधिकारियों कर्मचारियों के साथ क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Recent posts