cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। समाजवादी पार्टी की जिला इकाई को सभी फ्रंटल संगठनों के साथ तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह कदम उठाया है तांकि जिले में चुनावी सेनापति की बागडोर किसी सक्षम नेता के हवाले की जा सके।
समाजवादी पार्टी की जिला इकाई के खिलाफ पिछले कई महीनों से असंतोष गहरा रहा था। पार्टी की मासिक बैठकों में इसकी प्रतिक्रिया स्वरूप प्रमुख लोगों ने भाग लेना बंद कर दिया था। हाईकमान के पर्यवेक्षक बनकर आये एमएलसी रमेश मिश्रा व बनवारी सिंह यादव के सामने इसी असंतोष की वजह से बगावत की स्थिति पैदा हो गई थी। जिसके कारण उन्हें सपा के जिला कार्यालय के पिछले गेट से चुपचाप निकल जाने को मजबूर होना पड़ा था। पार्टी के घोषित प्रत्याशियों ने भी जिला नेतृत्व पर गुटीय भावना से कार्य करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से ही जिला इकाई में परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
इस बीच जिला पंचायत की बबीना सीट के उपचुनाव में आसना खातून को निर्वाचित कराने में सफलता हासिल करके पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने जो धाक जमाई थी उसे पार्टी की जिला इकाई के भंग हो जाने से फिलहाल गहरा धक्का पहुंचा है। पार्टी की जिला इकाई को उनकी जेबी इकाई करार दिया जा रहा था। जिला इकाई भंग होने की खबर प्रसारित होते ही अनुरागी सहित तमाम नेता लखनऊ की ओर दौड़ पड़े हैं। नये अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर पार्टी के विभिन्न धड़ों में खींचतान मच गई है। हालांकि ऊपर से जो संकेत मिले हैं उनके मुताबिक नये अध्यक्ष के लिए ऐसे व्यक्तित्व को चुना जायेगा जिस पर किसी दूसरे नेता के नाम का ठप्पा न लगा हो। उसका अपना स्वतंत्र व्यक्तित्व हो और वह हर धड़े पर अनुशासन की लगाम लगाने में सक्षम माना जा सके।

Leave a Reply