10orai02उरई। बबीना जिला पंचायत सीट के उपचुनाव का परिणाम घोषित होते ही राज्य पंचस्थानिक निर्वाचन आयोग ने फराह नाज के आकस्मिक निधन से रिक्त अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है जिससे जिले में राजनैतिक हलचलें तेज हो गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार 22 अगस्त को सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होंगे। 3 बजे के बाद पर्चों की जांच की जायेगी। नामांकन पत्रों की वापसी के लिए 26 अगस्त को सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक का समय निश्चित किया गया है। मतदान 29 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगा और 3 बजे तक मतदान चलेगा। मतदान की समाप्ति के उपरांत मतगणना शुरू हो जायेगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जायेगा।
जिला पंचायत के 25 सदस्यीय सदन में किसी पार्टी के समर्थित प्रत्याशियों का बहुमत नही है। गत् चुनाव में इसी कारण चुनाव को लेकर भारी खींचतान मची रही थी लेकिन आखिरी में समाजवादी पार्टी ने ऐसी व्यूह रचना की कि फरहा नाज के सामने किसी का पर्चा दाखिल नही हो पाया। हालांकि फरहा नाज की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की पहली बैठक में ही जिस तरह से विरोधी सदस्यों ने आंस्तीनें चढ़ा ली थीं उससे यह संदेश फैल गया था कि जोड़-तोड़ करके कुर्सी तो हासिल कर ली गई है लेकिन सुकून से कार्यकाल पूरा करना फरहा नाज के लिए मुमकिन नही होगा। जबकि फरहा नाज ने अपने मिलनसार स्वभाव से एक दिन के कार्यकाल में ही लोगों पर काफी अच्छी छाप बनाई थी। उनसे विरोध के बावजूद इसी कारण लोगों को उनके इंतकाल की खबर पर काफी सदमा लगा था।
अब एक बार फिर अध्यक्ष पद के चुनाव की विसात सज रही है। लेकिन तब से हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। एक ओर जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव कार्यक्रम जारी हुआ, दूसरी ओर अखिलेश यादव के हस्ताक्षर से जिला इकाई को भंग किये जाने का फरमान जारी हो गया। राजनीतिक नब्ज के जानकार दोनों ही फैसलों को जोड़कर देख रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी ने बहुसंख्यक वोटों के भाजपा के पक्ष में ध्रुवीकरण की किसी भी संभावना को निरस्त करने के लिए फूंक-फूंक कर कदम आगे बढ़ाने की रणनीति अपना ली है। अपने ऊपर से मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोपों को झटकने के लिए समाजवादी पार्टी में नीतियों के स्तर पर जिस तरह से शीर्षासन का क्रम चल रहा है। उसके मददेनजर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में समाजवादी पार्टी मुस्लिम उम्मीदवार को समर्थन देने के मामले में ऊहापोह की स्थिति में नजर आ रही है। इसे देखते हुए ऐसे उम्मीदवार को समाजवादी पार्टी में टटोला जा रहा है जो कि भाजपा और बसपा के सदस्यों को सहज में अपने पाले में खीचने में सफल हो सके। यही वजह है कि अध्यक्ष का चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही हर गली-गांव में कौन बनेगीं अगली अध्यक्ष की पहेली सुलझाने की माथापच्ची शुरू हो गई है।

Leave a Reply