

उरई। राज्य कर्मचारी परिषद ने महाहड़ताल के पहले दिन विकास भवन में ताला डालकर धरना शुरू कर दिया जिससे कोई अधिकारी विकास भवन स्थित अपने कार्यालय में प्रवेश नही कर पाया। धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोशीली नारेबाजी की।
राज्य सरकार की वादा फरामोशी से नाराज कर्मचारियों ने आज से तीन दिन की महाहड़ताल का ऐलान किया है। पहले ही दिन इसे लेकर कर्मचारियों ने काफी गरमा-गरमी दिखाई। विकास भवन में कर्मचारियों के बवाल की वजह से अधिकारी सहमे रहे और अपने कार्यालयों में नही पहुंचे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद श्रीवास्तव, मंत्री हरीश राठौर व विभिन्न इकाईयों के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी जायज अधिकार न मिलने पर राज्य सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।
धरने के बीच ही कर्मचारियों के जत्थों ने कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न दफ्तरों में पहुंचकर काम बंद कराया। कर्मचारियों के उग्र तेवर के बावजूद प्रशासन उनसे टकराव टालता रहा। मानसिंह, कुलदीप, हरीराम ओमरे, अंगल सिंह कछवाह, जय नारायण सिंह, श्याम नारायण, निर्भय यादव, मानसिंह चैहान, प्रहलाद परिहार, विनोद श्रीवास्तव आदि कर्मचारी नेताओं ने भी भाषण दिये और कर्मचारियों की एकजुटता की दुहाई दी।






Leave a Reply