उरई। जनता दल यू के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैया जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी परिवर्तनकामी जनता को उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के काम लुभा रहे हैं। जनता दल यू के प्रदेश में हो रहे मंडलीय सम्मेलनों में उमड़ने वाला जन सैलाब इसकी गवाही देता है।
सर्वोदय इंटर काॅलेज में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सुरेश भैया जी ने कहा कि बिहार में उनके नेता नीतिश कुमार ने शराब बंदी का ऐलान करके खासतौर से महिलाओं का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि महादलित और अति पिछड़ा वर्ग आयोगों का गठन करके सामाजिक भेदभाव से वंचितों को उबारने की जो प्रभावी पहल नीतिश जी ने की है उससे वे मसीहा के रूप में राजनैतिक क्षितिज पर छा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नीतिश जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी अपने राज्य में शराबबंदी लागू करने की गुजारिश की थी लेकिन अखिलेश ने राजस्व का बहाना बनाकर इस जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया। उन्होंने कहा कि अगर राजस्व की पूर्ति ही करनी है तो अवैध खनन पर रोक लगाकर ऐसा किया जा सकता है लेकिन इसमें सरकार का राजस्व लुटवाया जा रहा है और मुख्यमंत्री कोई फिक्र नही कर रहे हैं।
सुरेश भैया जी ने दैवीय आपदा पीड़ित किसानों को बड़ी संख्या में किसी तरह की सहायता न दी जाने का आरोप राज्य और केंद्र सरकार पर मढ़ा। उन्होंने बुंदेलखंड में 20 से 22 घंटे की विद्युत आपूर्ति के मुख्यमंत्री के ऐलान को भी लफ्फाजी बताया और कहा कि गांवों में तो इस समय लोगों को चार घंटे तक बिजली नही मिल रही। पत्रकार वार्ता में प्रदेशीय नेता मुहम्मद आमीन खां, जिलाध्यक्ष महेश सिंह परिहार और मंगल सिंह आदि नेता मौजूद थे।






Leave a Reply