0 रामलला मंदिर में झूला महोत्सव में उमड़ रहीं हैं आनंद की हिलोरें
कोंच-उरई। लक्ष्मीबाई के गुरुद्वारा रामलला मंदिर में परंपरागत रूप से हर वर्ष सावन तीज से प्रारम्भ होकर पखवाड़े भर तक चलने वाले झूला महोत्सव में हर दिन चार चांद लग रहे हैं। शास्त्रीय संगीत में बीती रात्रि झूला महोत्सव में तमाम संगीत विशेषज्ञों ने अपने रागों से श्रोता समुदाय को आनंदित किया वहीं कई नवोदित कलाकारों ने अपनी भावप्रणव प्रस्तुतियां देकर झूले का आनंद प्रदान किया।
रामलला मंदिर में जारी झूला महोत्सव में बीती रात शास्त्रीय संगीत पर उम्दा पकड़ रखने वाली कुंती तिवारी ने राग मारू विहाग तीन ताल में जागूं मैं सारी रैन बलम रसिया मन लागै नाहिं मोरा.. की शानदार प्रस्तुति दी। कुं. मोहिनी वर्मा ने राग वागेश्री तीन ताल में पिया नहिं आये कासे कहूं सजनी.. की कुछ इस तरह से प्रस्तुति दी कि लोग वाह वाह कर उठे। कुं तनिश पाठक ने भी राग विहाग तीन ताल में क्यों तुम रूठ गये मनमोहन, कौन सी चूक भई है मोसें.. गाकर शास्त्रीय विधा पर अपनी मजबूत पकड़ का खुलास किया। शास्त्रीय संगीत की अच्छी समझ रखने वाली कुं. निशा झा ने राग देशकाल तीन ताल में तुम पर वारी कृष्ण मुरारी, इतनी हमारी सुनो वनवारी.. गाया और वाहवाही लूटी। हरीशकुमार याज्ञिक ने अपनी प्रस्तुति देते हुये गाया छोड़ झमेला झूठे जग का कह गये दास कबीर..। शिवशंकर त्रिपाठी ने झूला गाया, झूला डरे अमरइयां मां, श्याम गजरा सजाई के..। विनोद कुमार पांडे ने झूला तो झूलें मन हर लालना जी, ऐजी मैया जसोदा..। वरिष्ठ रंगकर्मी नरोत्तम स्वर्णकार ने चेतावनी भजन चदरिया झीनी झरनी रे.. तथा आकाश राठौर ने नहीं चाहिये दिल दुखाना किसी का.. की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कु. दीक्षा त्रिपाठी ने झूला पड़े हैं सरयू तीर, झूलें रामलला रघुवीर.., कु. पूजा प्रजापति ने एक राधा एक मीरा, दोनों ने श्याम को चाहा.. की प्रस्तुति दी। कुं. नैन्सी स्वर्णकार, देवयानी याज्ञिक, शंभु पटेल, बुद्धसिंह बुंदेला, अजमेर सिंह, इंदु तिवारी, प्रेमनारायण, यशोदानंदन आदि की भी प्रस्तुतियां काफी शानदार रहीं। जाने माने संगीत विशेषज्ञ रामकृष्ण परिहार ने कार्यक्रम का संचालन किया। महंत रघुनाथदास ने भक्तों को आशीर्वाद दिया। हारमोनियम पर हरीश याज्ञिक, प्रमोद बब्बा, तथा तबले पर मथुराप्रसाद व महेश ने शानदार संगत की।






Leave a Reply