
कोंच-उरई। स्वतंत्रता दिवस की आमद को देखते हुये भाजपा ने स्वाधीनता सेनानियों को सम्मानित करने की योजना को मूर्त रूप देते हुये आज नगर में तकरीबन दर्जन भर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के घरों पर जाकर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया। दो स्मारकों पर भी जाकर भाजपा ने प्रथम स्वाधीनता संग्राम की अलख जगाने वाली रणांगना रानी झांसी लक्ष्मीबाई तथा अखंड भारत के निर्माता लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
स्वाधीनता दिवस के पूर्व गुरुवार को भाजपा की स्थानीय इकाई द्वारा देश की आजादी के लिये संघर्ष करने बाले नगर के स्वाधीनता सेनानियों के घर घर जाकर उनके चित्रों पर माल्यार्पण करते हुये आजादी में उनके योगदान को याद किया गया। सुबह आठ बजे से नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन, सुनील शर्मा, नरेश वर्मा, अमित सोनी, जगदीश अग्रवाल, डीके सोनी, रामलखन कुशवाहा, मनीष नगरिया, सुरेन्द्र यादव, रवीन्द्र निरंजन, लालजी निरंजन, सुनील कांत तिवारी आदि दर्जनों लोगों ने स्वाधीनता सेनानी अयोध्या प्रसाद गुप्ता, रघुनंदनलाल अरूसिया, रामगोपाल रावत, वंशीधर अग्रवाल, रामगोपाल बहरे, भगवानदास अग्रवाल, महंत रघुनाथदास, गणेश प्रसाद चैबे, पूर्व विधायक चित्तरसिंह निरंजन, सत्यनारायण शुक्ला आदि (सभी स्मृतिशेष) के घरों पर जाकर उनके चित्रों का पूजन अर्चन कर एवं माल्यार्पण कर देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया तथा उनके परिजनों से सौहार्द भेंट की। इसके बाद भाजपाइयों का यह काफिला ऐतिहासिक स्मारक चंदकुआं पहुंचा जहां स्थापित प्रथम स्वातंत्र्य समर की अगुवाकार रानी झांसी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा तथा सरोजिनी नायडू पार्क स्थित शहीद स्मारक और लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर मालायें पहना कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं उसका कण-कण स्वाधीनता के इन दीवानों का ऋणी है, भाजपा सदैव ऐसे राष्ट्र आराधना करने बालों का सम्मान करती है। पार्टी नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने आभार जताते हुये कहा कि हो सकता है कुछ स्वाधीनता सेनानी परिवार छूट गये हों उनसे क्षमा याचना करते हुये गर्वानुभूति इस बात की है कि हम लोग ऐसे नगर में जन्मे हैं जहां आजादी के लिये संघर्ष करने वाले सैकड़ों महापुरुषों का आविर्भाव हुआ, उन सभी हुतात्माओं को शत् शत् प्रणाम। इस दौरान डॉ. दिलीप अग्रवाल, सागर अग्निहोत्री, राजेश्वरी यादव, सागर वोहरे, शिवम द्विवेदी आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply