गोहन-उरई। गरीबों का निवाला छीनने की हरकत से सरकार की भारी गौरगीरी के बावजूद गांवों के सामंत बाज नही आ रहे। उधर अंकुश लगाने की जिस प्रशासन की जिम्मेदारी है उसने इस अन्याय पर वीतराग सन्यासी से भी गंभीर निर्लिप्त मुद्रा ओढ़ रखी है।
ऐसे अन्याय के उदाहरणों की भरमार के बीच कुठौंद ब्लाक के कुतुबपुर गांव का मामला सामने आया। जहां प्रधान सुनीता देवी ने गुमराह करने वाली रिपोर्ट भिजवाकर दो गरीबों के अंत्योदय कार्ड हटवा दिये और उनकी जगह उन परिवारों को एडजस्ट कर दिया जिन्हें साधन-संपन्न श्रेणी में गिना जाना चाहिए।
कुतुबपुर में अंत्योदय कार्ड से वंचित की गई सन्नो बेगम पत्नी अनीस शाह और राजकुमारी पत्नी प्रेमसिंह घिलउआ हर तरीके से जरूरतमंद हैं। सन्नों बेगम के पति विकलांग हैं जिससे मेहनत मजदूरी भी नही कर पाते। आमदनी के लिए जमीन, दुकान जैसा जरिया भी उनके पास नही है। अंत्योदय कार्ड से डूबते को तिनके का सहारा की तर्ज पर वे जिंदगी की गाड़ी खींच पा रहे थे लेकिन प्रधान की हृदयहीनता से उनकी यह गाड़ी मझधार में अटक गई है। कुछ ऐसी ही राजकुमारी पर भी बीती है। राजकुमारी का कच्चा मकान है और बेहद तंगहाली में उनके परिवार का गुजारा चल रहा है लेकिन उनके रिश्तेदार के चार पहिया वाहन को उनका बताकर गुमराह करने वाली रिपोर्ट भेज दी गई जिससे अंत्योदय सूची में उनका पत्ता साफ हो गया।
इनके स्थान पर साधना देवी पत्नी पंकज कुमार और रौनक जहां पत्नी शाहिद अली को अंत्योदय कार्ड की बख्सीस दी गई है जो कि जमीन, जायदाद और वाहन सभी साधनों से मजबूत हैं। रौनक जहां ने तो हाल में प्रधान का चुनाव भी लड़ा था जिसमें उनके द्वारा भारी खर्च किया गया था। राशनकार्डों में धाधली रोकने की जिम्मेदारी पूर्ति विभाग की है लेकिन इलाकाई पूर्ति निरीक्षक आंख के अंधे नाम नैनसुख का रौल अदा कर रहे हैं जिससे सब कुछ भगवान भरोसे नजर आ रहा है।






Leave a Reply