गोहन- उरई। राजपुरा से गोराभूपका के संपर्क मार्ग की बदहाली के कारण गांव के बाशिदों के लिए नारकीय हालात बन गये हैं। वाहनों की तो बात दूर हैं इस रास्ते से पैदल तक निकलना दुश्वार है।
स्पेस युग में हिन्दुस्तान के गांवों की पाषाणकालीन दशा विकास का मुंह चिढ़ा रही है। इसके बावजूद व्यवस्था के कर्ताधर्ताओं को कोई शर्म नही हैं। अगर उन्हें जरा भी शर्महया होती तो बरसात के पहले गांवों के जीर्णशीर्ण संपर्क मार्ग तो जरूर ही ठीक करा दिये गये होते।
माधौगढ़ ब्लाॅक के राजपुरा-गोराभूपका संपर्क मार्ग की दुर्दशा प्रशासन की अकर्मण्यता और लापरवाही का चींख-चींख कर रोना रो रही है। यह मार्ग पूरी तरह से उखड़ा होने के कारण ऊबड़-खाबड़ हो चुका है। उस पर तुर्रा यह है कि सड़क किनारे बने तालाब के उफनाने से संपर्क मार्ग के ऊपर से पानी बह रहा है। स्कूल के मास्टर तक को इस हालत की वजह से अपनी मोटर साइकिल एक ओर खड़ी करके पैदल पानी में घुसकर गांव के भीतर जाना पड़ता है जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। उन्हें स्कूल जाने के पहले कपड़े पोछने और पैर का कीचड़ धोने की मशक्कत करनी पड़ती है। ग्रामीणों में इस गंभीर समस्या की अधिकारियों द्वारा अनदेखी को लेकर भीषण असंतोष व्याप्त है। दूसरी ओर गांव वाले अपने जनप्रतिनिधियों से भी कम नाराज नही है जो केवल वोट मांगना जानते हैं लेकिन लोगों की दुख तकलीफ से इनका लगता है कि कोई सरोकार नही है।






Leave a Reply