13orai02उरई। कन्या विद्याधन के नाम पर कस्बा जालौन के दर्जन भर से ज्यादा परिवारों से ठग गिरोह पांच-पांच हजार रुपया लेकर चंपत हो गया। पीड़ित परिवारों ने ठगे जाने का एहसास होने पर शनिवार को पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद को शिकायती पत्र दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।
कन्या विद्या धन इंटर पास छात्राओं को दिया जाता है जिसमें 30 हजार रुपये की सहायता इसलिए उपलब्ध कराई जाती है तांकि किसी लड़की के अभिभावक गरीब होने की वजह से उसे अपनी पढ़ाई बीच में ही बंद न करनी पड़े। सरकार की इस योजना की आड़ में ठगों का एक गिरोह भोले-भाले अभिभावकों से रुपये ऐठने के लिए सक्रिय हो गये हैं।
गत् 8 अगस्त को कस्बा जालौन में मोहल्ला भवानीराम, मोहल्ला खंडेराव और मोहल्ला चुर्खीवाल में ठगों ने अपना जाल फैलाया। आरोपियों में बेटू पप्पू राजावत निवासी उद्योतपुरा, अनिल रायक्वार निवासी सीपरी बाजार झांसी और राहुल रायक्वार निवासी रामनगर उरई शामिल हैं। इन लोगों ने उक्त मोहल्लों में पढ़ने वाली लड़कियों के अभिभावकों से कहा कि वे अपनी बेटियों की सूची उन्हें सौंप दें। कन्या विद्या धन का लाभ इंटर पास छात्राओं को मिलता है लेकिन इन ठगों ने कहा कि पांचवी कक्षा से लेकर इंटर में पढ़ रहीं छात्राओं तक वे सभी को वे कन्या धन दिलवायेंगे। आरोपियों में बेटू राजावत मोहल्ला खंडेराव निवासी बृजेश याज्ञिक का पूर्व परिचित था। इस आधार पर बेटू राजावत अपने साथियों के साथ अगले दिन 9 अगस्त को उस समय बृजेश के यहां पहुंच गया जब वे घर पर नही थे। उसने बृजेश याज्ञिक की सिलाई की दुकान पर सभी अभिभावकों को बुलवाकर उनसे आधार कार्ड की फोटों काॅपी, लड़कियों की दो-दो फोटो मोबाइल नंबर और पांच-पांच हजार रुपये नगद इकटठे करवाये। इसके बाद वह चला गया और बाद में फोन किया कि सभी लोग 11 अगस्त को काली माता मंदिर पर इकटठे हो जाना सब को झांसी चलना है। 11 अगस्त को जब वे लोग काली माता मंदिर पर इकटठे हुए तो राहुल का फोन आया कि सभी लोग अपना-अपना किराया देकर उरई आ जायें वहां से गाड़ी पर बैठाकर वे झांसी ले जायेगें।
लेकिन उन्होंने भुलावा दिया था। इसके बाद उन्होंने कई बार चक्कर कटवाये लेकिन कुछ हासिल नही हुआ। इससे उन लोगों को अंदाजा हो गया कि उनके साथ ठगी हुई है। तब सारे लोगों ने आज अपर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है।

Leave a Reply