cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। समाजवादी पार्टी ने सारी अटकलों को धता बताते हुए आखिर में बुजुर्ग नेता इंद्रजीत सिंह यादव के नाम पर नये जिलाध्यक्ष पद के लिए मुहर लगा दी है। सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह से शुरुआत से जुड़े रहे इंद्रजीत सिंह यादव पहले भी लंबे समय तक पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं लेकिन अखिलेश राज में उन्हें अभी तक वनवास झेलना पड़ा। अचानक अध्यक्ष पद पर उनकी फिर से ताजपोशी की आश्चर्यजनक घोषणा के बाद इसे स्वाधीनता दिवस के दिन मुलायम सिंह के अपने बेटे के संबंध में तल्ख भाषण से पार्टी में बदले अंदरूनी नजारे से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश के राज में पार्टी ने जिलाध्यक्ष पद के लिए युवा चेहरों पर जो दांव लगाया उसका तजुर्बा अच्छा नही रहा जिसकी वजह से यह तो पहले से ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि किसी परिपक्व नेता को चुनाव के समय जिले में पार्टी की बागडोर सौंपी जायेगी लेकिन उम्र दराज इंद्रजीत सिंह जो कि अघोषित तौर पर पार्टी द्वारा राजनीति से रिटायर किये जा चुके थे उन पर पार्टी फिर भरोसा करेगी यह अंदाजा किसी को नही था। इंद्रजीत सिंह यादव लंबे समय तक इंदिरा गांधी के दौर में कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। लेकिन 1980 में जब उनकी जगह संजय गांधी के हस्तक्षेप की वजह से स्काईलैब बनकर आये सुरेश दत्त पालीवाल को कांग्रेस पार्टी ने उरई विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बना दिया तो आहत होकर मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली लोकदल की सदस्यता उन्होंने ले ली। उन दिनों मुलायम सिंह भी प्रदेश की राजनीति में पैर जमाने के लिए संघर्ष में जुटे हुए थे। इस कारण शुरुआती साथी के नाते उनके मन में इंद्रजीत सिंह के लिए काफी अपनत्व रहा। उनके नेतृत्व में पार्टी को चुनावी सफलताएं नही मिली फिर भी मुलायम सिंह ने इसी नजदीकी की वजह से जिले में पार्टी की बागडोर उनके हाथ में बरकरार रखी। 1989 के कार्यकाल में तो मुलायम सिंह ने उन्हें प्रौढ़ शिक्षा अभियान का अध्यक्ष बनाकर लाल बत्ती से भी नवाज दिया था। इसके बाद जब मुलायम सिंह ने समाजवादी पार्टी का गठन किया तो उन्हें पार्टी का पहला अध्यक्ष बनाया। हालांकि बीच में पार्टी में नये प्रयोग के लिए उन्हें अध्यक्ष पद से हटाकर वीरपाल सिंह यादव, इसके बाद विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा को मुलायम सिंह ने जिले का अध्यक्ष बनाया लेकिन इंद्रजीत सिंह यादव के सुपुत्र आनंद यादव को बुंदेलखंड के तमाम दिग्गजों के विरोध के बावजूद जिला पंचायत का अध्यक्ष बनवाकर उनके रुतबे को फीका नही होने दिया था। यहां तक कि 2007 में दयाशंकर वर्मा को उरई विधानसभा क्षेत्र से सपा का अप्रत्याशित टिकट भी इंद्रजीत सिंह यादव की वीटो पाॅवर की वजह से मिला था।
लेकिन इस बार प्रदेश में पार्टी की सत्ता बनने के बाद उन्हें जिस तरह हाशिये पर रखा गया उससे लोग अचरज में रहे। उनका नाम कई बार उस समय किसी निगम का अध्यक्ष बनाये जाने के लिए भी चला जब इसकी रेवड़ियां बांटी जा रही थी लेकिन पार्टी नेतृत्व उन पर मेहरबान नही हुआ। उन्होंने आनंद को भी पद दिलाने की कोशिश की लेकिन इस मामले में भी उनकी नही सुनी गई। इस उपेक्षा के कारण इंद्रजीत सिंह यादव बिल्कुल लाचार हालत में पहुंच गये थे। लेकिन इस बीच जिले में पार्टी के अंदर मचे घमासान के बाद संभवतः सीधे मुलायम सिंह के हस्तक्षेप की वजह से इंद्रजीत सिंह यादव के दिन फिर बहोर दिये गये। इंद्रजीत सिंह यादव के विराट कद को देखते हुए पार्टी नेतृत्व को अंदाजा है कि उनके अध्यक्ष रहते गुटबाजी पर काफी हद तक विराम हो जायेगा। साथ ही इंद्रजीत सिंह यादव की सौम्य छवि और सभी दलों के राजनैतिक समाज में उनकी स्वीकार्यता का लाभ भी पार्टी को मिलने की उम्मीद नेतृत्व द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply