anuragiउरई। इंद्रजीत सिंह यादव के सपा अध्यक्ष होने से पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी का रुतबा और पार्टी नेतृत्व पर पकड़ फिर से बरकरार रही है। इंद्रजीत सिंह यादव के नाम का सुझाव चार-पांच दिन पहले मुख्य रूप से घनश्याम अनुरागी ने ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा था। पार्टी नेतृत्व को भी गंभीर मंथन के बाद यह सुझाव रास आया। जिससे आज उस पर मुहर लगा दी गई।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव को हटाये जाने के बाद पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी के प्रति पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विश्वास को लेकर तमाम अटकलें चल पड़ी थी। लोग कयास लगा रहे थे कि जिस तरह से धीरेंद्र यादव को हटाया गया है उसके बाद नये अध्यक्ष के चयन में उनकी सलाह की कोई भूमिका नही होगी लेकिन लोगों के अंदाजे गलत साबित हुए। पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने पार्टी में गुटबाजी समाप्त करने के लिए बुजुर्ग नेता इंद्रजीत सिंह यादव के नाम का मशविरा सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिया। उन्होंने कहा कि इंद्रजीत सिंह यादव की वरिष्ठता को देखते हुए हर किसी को उनका लिहाज करना पड़ेगा जिससे पार्टी को गुटीय खींचतान से ऊपर उठकर चलाने की सुविधा उनके लिए रहेगी। साथ ही उन्हें राजनीति का लंबा अनुभव है जिसकी वजह से वे चुनावी मौके पर पार्टी के लिए उपयुक्त रणनीति बनाने में भी कामयाब होगे। आखिर में अनुरागी की यह बात शीर्ष नेतृत्व को भी पूरी तरह जची और इंद्रजीत सिंह यादव के नाम पर फैसला हो गया। इन स्थितियों को देखते हुए कयास लगाया जा रहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए भी उनकी संस्तुति के अनुरूप आसना खातून का नाम ही समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अनुमोदित करेगा। हालांकि अभी इसकी घोषणा नही हुई है।

Leave a Reply