17oraii02उरई। उरई-कोंच रोड की भीषण दुर्दशा को लेकर जनाक्रोश प्रचंड होता जा रहा हैै। रामलखन इटा के नेतृत्व वाले जनसंघर्ष मोर्चा ने कलेक्ट्रेट में बुधवार को हंगामी धरना देकर इसके लिए शासन-प्रशासन को झकझोरने की कोशिश की। इस अवसर पर उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उक्त सड़क के पुनर्निर्माण के लिए कार्य शुरू नही हुआ तो 7 सितंबर से अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया जायेगा। धरने में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सहित कई दलों और किसान यूनियन के नेताओं ने भी शिरकत की।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीपीआई के प्रांतीय नेता काॅमरेड कैलाश पाठक ने कहा कि प्रमुखतम सड़क होने के बावजूद कई महीनों से इसकी भीषण दुर्दशा की अनदेखी परेशान जनता के अपमान के समान है। उनकी पार्टी इस मुददे पर लोगों की ताकत का एहसास कराने के लिए शासन-प्रशासन और संवेदनहीन जनप्रतिनिधियों के खिलाफ किसी भी सीमा तक जाने को तैयार हैं।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार ने कहा कि बुरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और गहरे गढढों से भरी उक्त सड़क पर वाहन चलना मुश्किल हैं जिसकी वजह से किसान अपना गल्ला बेचने के लिए मंडी तक नही ले जा पा रहे। जबकि उनको प्राकृतिक आपदा के कारण लगी चोट के चलते पैसे की काफी जरूरत है। उन्होंने कहा कि सबसे बुरी हालत तो मरीजों की है। जो इस सड़क से होकर जब तक अस्पताल ले जाये जाते हैं तब तक मर्ज कठिन होकर असाध्य बन जाता है। किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि सभी वर्ग के लोग सड़क की दुर्दशा की वजह से मुसीबत में हैं। छात्र-छात्राएं जोखिम के डर से स्कूल जाने में कतराते हैं। तहसीलों का संपर्क मुख्यालय से कट चुका है।
रामलखन इटा ने कहा कि सरकार और प्रशासन को खुद ही यह सड़क प्राथमिकता के आधार पर बनवा देनी चाहिए थी लेकिन वह जनता के धैर्य की परीक्षा ले रहे हैं। अब बहुत हो चुका है जनसंघर्ष मोर्चा इसमें आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना चुका है। गौरतलब है कि इसके पहले कुछ ही दिन पूर्व जनाधिकार मोर्चा ने कोंच बस स्टैण्ड पर उक्त सड़क की दशा सुधारने की मांग को लेकर चैराहा जाम करके तीन घंटे का सांकेतिक धरना दिया था। जिसके दौरान लोगों का रोष शांत करने के लिए अधिकारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी थी। धरने के दौरान आये लोकनिर्माण विभाग के अभियंताओं ने सड़क निर्माण का बजट न आने तक मरम्मत करा देने का आश्वासन दिया था लेकिन उस पर अभी तक अमल शुरू नही हुआ है।

Leave a Reply