17orai03उरई। जालौन के कुख्यात अवैध शराब माफिया जितेंद्र भदौरिया के गैंग को कोतवाली पुलिस ने बीती रात रंगे हाथों धर दबोचा। उनके कब्जे से करीब पौने सात लाख रुपये की अवैध शराब भी बरामद की गई। लेकिन जहां इस गुडवर्क पर पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है वहीं लोगों में इस सवाल के कारण उंगलियां उठ रही है कि जिस वाहन में शराब ले जाई जा रही थी उसे पुलिस ने कहा गुम कर दिया।
जालौन के मोहल्ला फर्दनवीस निवासी जितेंद्र भदौरिया कई वर्षों से लाखों रुपये की अवैध शराब का व्यापार कर रहा है। कई बार उसे गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन फिर भी पुलिस उसे यह धंधा बंद करने के लिए मजबूर नही कर पाई है। जबकि उसके खिलाफ पुलिस गैंगस्टर एक्ट तक का इस्तेमाल कर चुकी है।
कोतवाली पुलिस को आबकारी ठेकेदार से बराबर जानकारी मिल रही थी कि जितेंद्र भदौरिया इन दिनों फिर पूरी शक्ति से अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय हो गया है। मध्यप्रदेश से देशी शराब की खेप सस्ती में लाकर वह जिले में खपाता है जिससे आबकारी विभाग और ठेकेदार को हर महीने लाखों रुपये की चपत झेलनी पड़ रही है। पुलिस इसे गंभीरता से संज्ञान में ले इसके लिए ठेकेदार ने उसे खुश करने के भी जरूरी जतन किये जिसके बाद पुलिस ने जितेंद्र को रंगे हाथों पकड़ने की व्यूह रचना तैयार कर डाली।
कोतवाली पुलिस को जितेंद्र का पीछा करते हुए मंगलवार को सूचना मिली कि वह जालौन तिराहे पर अवैध शराब की खेप खपाने के लिए जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसको घेर लिया। उसके वाहन में 200 पेटी शराब मिली जिसमें 9600 क्वार्टर भरे हुए थे। जितेंद्र भदौरिया के साथ पुलिस ने राजकुमार यादव निवासी मसगवां थाना आटा और अनूप त्रिपाठी निवासी गढ़ा थाना आटा को भी गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ जालसाजी, कूटरचना आदि आईपीसी की धाराएं और 60 एक्साइज एक्ट का अभियोग पंजीबद्ध किया गया है। लेकिन आदतन अवैध शराब का कारोबारी होने से इसके खिलाफ गैंगस्टर या रासुका जैसी बड़ी कार्रवाई की जायेगी या नही यह बात पुलिस ने फिलहाल नही बताई है।

Leave a Reply