0 रामकुंड पर विप्र समुदाय ने मनाया श्रावणी पर्व, संपादित हुये उपाकर्म
konch4कोंच-उरई। भाई बहिन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन त्योहार यहां परम्परागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहिनों ने भाई की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधा और माथे पर तिलक लगा कर उनके दीर्घायु की कामना की, तो वहीं भाइयों ने भी बहिनों की रक्षा का वचन देते हुये उन्हें उपहार दिये। रक्षाबंधन पर्व विप्र समुदाय से जुड़े होने के नाते गुरुवार को रामकुंड पर श्रावणी पर्व मनाया गया जिसमें ब्राह्मण समाज के लोगों ने श्रावणी उपाकर्म संपादित किये।
आदि काल से चली आ रही परम्परा को आगे बढाते हुये गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व यहां उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। दैनंदिन कार्यों से निवृत्त होकर लोगों ने मंदिरों में जाकर भगवान की पूजा अर्चना की और पहली राखी भगवान को ही समर्पित की। इसके बाद नये लकदक कपड़ों में सजे भाइयों की कलाइयों पर बहिनों ने प्यार के दो धागे बांध कर भाई बहिन के पवित्र प्यार को और भी मजबूत किया। रक्षासूत्र बांध कर बहिनों ने उनके माथे पर तिलक किया और मुंह मीठा करा कर उनकी आरती उतारी और उनकी लंबी आयु की कामना की। भाइयों ने भी बहिनों को बेशकीमती उपहार भेंट किये तथा हर पल उनकी रक्षा करने का वचन दिया। बाजारों में आज त्योहार की बजह से रौनक कम दिखी और राखियों तथा मिठाई की दुकानों पर ही थोड़ी बहुत ग्राहकी दिखी। यही एक ऐसा त्योहार है जिस पर शादीशुदा बहिनें भी बिन बुलाई दौड़ी भाई के घर चली आती हैं और भाइयों को स्नेह भरा रक्षासूत्र बांध कर भाई बहिन के रिश्ते को और भी प्रगाढता प्रदान करती हैं। इस पर्व पर लोगों ने मंदिरों में भी जाकर मत्था टेका और ईश्वर से घर में सुख शांति बनाये रखने की कामना की।
उधर, रामकुंड पर विप्र समाज द्वारा श्रावणी पर्व मनाया गया। जिला विद्वत् परिषद् के बरिष्ठ पदाधिकारी पं. ज्वालाप्रसाद दीक्षित अध्यक्षता तथा पं. रमेशचंद्र पटैरया के मुख्य आतिथ्य में श्रावणी उपाकर्म संपादित कराये गये, तत्पश्चात् हवनादि कार्य सम्पन्न हुये। ब्राह्मणों ने यज्ञोपवीत धारण कर संकल्प लिया कि यदि हम धर्म की रक्षा करेंगे तो धर्म भी हमारी रक्षा करेगा। होता के रूप में संतोष तिवारी ने पूजन किया। इस दौरान रामसिया तिवारी, रामेश्वरदयाल शास्त्री, प्रभूदयाल गौतम, जितेन्द्र तिवारी, सुनीलकांत तिवारी, शालिगराम शर्मा, सीताराम गोस्वामी, सियाराम आचार्य, अखिलेश मिश्रा सहित सैकड़ा भर विप्रबंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply