20orai04उरई। सड़क पर नुकीली कीलों से जड़ा पटटा फेंककर वाहन को पंचर करके उसमें सवार लोगों को लूटने में एक्सपर्ट गैंग दबोच लिया गया। इनसे 11 फरवरी को एट क्षेत्र में हुई रोड होल्डप का माल भी बरामद किया गया है। साथ में पुलिस ने कीलों से जड़े पटटे को भी इनकों बुक करने के लिए बनाई गई फर्द में जोड़ दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद ने इसकी जानकारी देने के लिए पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता आयोजित की। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को टोल प्लाजा एट के पास बदमाशो ने कील जड़े पटटे को फेंककर वहां से गुजर रहे सैयद अली निवासी मोहल्ला रायपुरवा जिला कानपुर नगर से साढ़े आठ लाख रुपये लूट लिये थे। घटना के समय वे अपने साथियों के साथ कार से मुंबई से कानपुर वापस आ रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक स्वाॅट टीम के प्रभारी निरीक्षक वीपी चतुर्वेदी घटना के बाद से ही सुरागरशी में जुटे हुए थे। शुक्रवार को वीपी चतुर्वेदी ने एसओ एट ब्रजनेश यादव के साथ पिरौना रेलवे स्टेशन सड़क पर दो मोटर साइकिलों से जा रहे चार बदमाशों को पूर्व सूचना के आधार पर धर दबोचा। इनके कब्जे से पौने दो लाख रुपये लूटी गई गाड़ी का एग्रीमेंट, असलाहा और कारतूस आदि बरामद हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एट टोल प्लाजा के अलावा इस वर्ष मार्च के महीने में जालौन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शक्तिमान होटल के पास ट्रक लूट की घटना में भी इन्होंने अपनी संलिप्तता कबूल की है। हालांकि ट्रक बदमाशों ने काटकर बेंच दिया था जिससे ट्रक बरामद नही किया जा सका।
गिरफ्तार बदमाशों में कौशल उर्फ बब्लू राजपूत निवासी ग्राम रूदा थाना सहायल जिला औरैया कुख्यात डकैत चंदन यादव गिरोह का सदस्य रह चुका है। 2004 में तत्कालीन थानाध्यक्ष विनोद यादव पर इसने चंदन यादव के साथ भीषण फायरिंग की थी। जिसमें तीन पुलिस कर्मी घायल हो गये थे। कौशल के खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके कब्जे से एक रायफल बरामद हुई है। पकड़े गये अन्य लोगों में प्रवेश कुशवाहा निवासी सहायल जनपद औरैया, धर्म सिंह यादव निवासी हरीसिंह की मड़ैया, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया और जितेंद्र कुशवाहा निवासी सहायल जनपद औरैया शामिल हैं। इनसे एक-एक तमंचा बरामद किया गया है। एट टोल प्लाजा के पास साढ़े आठ लाख की लूट में से केवल पौने दो लाख पुलिस इनसे बरामद कर सकी है।

Leave a comment