cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सुमन निरंजन कोई गुल खिला सकती हैं। पर्चा खरीदने के पहले दिन सात लोगों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव के नजदीकी देवेंद्र निरंजन की पत्नी सुमन निरंजन द्वारा भी पर्चें की खरीद की जाने से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सुमन निरंजन निर्दलीय की हैसियत से पहाड़गांव क्षेत्र से निर्वाचित हुईं थी।
अन्य लोगों में दिवंगत जिला पंचायत अध्यक्ष फरहानाज की ननद आसना खातून के अलावा सपा नेता सुरेंद्र मौखरी की पत्नी संध्या का भी पर्चा खरीदा गया है। इसके अलावा भाजपा समर्थित अर्चना गौतम ने भी पर्चे की खरीद की है। पर्चे की खरीद के समय जो स्थितियां बनी हैं उनके मददेनजर निर्विरोध चुनाव की संभावना पर पानी फिरता नजर आ रहा है हालांकि स्थिति पूरी तरह साफ होने के लिए पर्चों की जांच के परिणाम का इंतजार करना होगा। अगर अर्चना गौतम का पर्चा सही सलामत रहा तो संभव है कि उन्हें बसपा समर्थित सदस्यों का समर्थन मिल जाये। भले ही यह स्थिति अंतिम समय तक बरकरार न रह पाये लेकिन बोली बढ़ाने के लिए शुरू में यह स्थिति सत्तारूढ़ पार्टी समर्थित प्रत्याशी की घेराबंदी के लिए बनाई जा सकती है।
गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष का पद इस बार महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित है। जिला पंचायत सदस्यों में चुनी गई महिलाएं हैं- संध्या यादव, आसना खातून, राधा अनुरागी, सुमन निरंजन, नम्रता तिवारी, इच्छाराजे, रूपम गौतम, ललिता भदौरिया, अर्चना गौतम, विमला जाटव, भानुमती वर्मा और पूनम। सपा के लिए राहत की बात यह है कि नम्रता तिवारी और इच्छाराजे में से किसी का पर्चा दाखिल नही हुआ है। सदस्यों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल यादव के अलावा गुडडू राजपूत, मोहन खटीक, कृष्णपाल महंत, दीपराज गुर्जर, अल्ताफ खान, बृजेश प्रजापति, रविंद्र हरौली, रामकुमार गुप्त, पुष्पेंद्र सेंगर, अशोक खटीक, बुद्धे कोरी और बाबा बालक दास व मुकेश कठेरिया।

Leave a comment