0 ग्राम रवा में लगी चैपाल में मलंगा पर पुल और जीआईसी की स्थापना की उठी मांगें
0 एमएलसी रमा निरंजन का गांव है रवा
konch1 konch2 konch3कोंच-उरई। शासन की मंशा के अनुरूप डीएम संदीप कौर ने विकास खंड नदीगांव के ग्राम रवा में जन चैपाल लगा कर लोगों की समस्यायें जानी और अधिकारियों के पेंच कसते हुये उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की चेतावनी दी, कहा कि जनता समस्याओं से जूझ रही है और अधिकारी उन पर कान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की जो भी योजनायें हैं उनका समुचित लाभ पात्र लोगों को दिलाने में जनता का सहयोग करें।
निकाय क्षेत्र से रिकॉर्ड मतों से जीत कर एमएलसी बनी रमा आरपी निरंजन के गांव रवा में डीएम संदीप कौर के मुख्य आतिथ्य तथा एमएलसी की अध्यक्षता में जन चैपाल का आयोजन किया गया जिसमें आसपास तकरीबन दो दर्जन गांवों के ग्राम प्रधानों के अलावा कई गांवों के ग्रामीणों ने पहुंच कर डीएम को समस्याओं से अवगत कराया। एमएलसी रमा निरंजन व उनके प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने डीएम का स्वागत किया, अन्य लोगों ने अधिकारियों का स्वागत किया। आरपी निरंजन ने अपने संबोधन में न केवल रवा गांव बल्कि आसपास इलाके के ग्रामीण विकास की ओर ध्यान खींचते हुये कहा कि ग्राम भेंड़ और रवा के बीच मलंगा नाले पर पुल नहीं होने का देश यहां के लोग झेलने को मजबूर हैं। इसके अलावा इलाके में माध्यमिक शिक्षा का घोर अभाव है जिसके चलते यहां या तो रवा अथवा भेंड़ में राजकीय इंटर कॉलेज की आवश्यकता शिद्दत से महसूस की जा रही है। रवा से खोवा तक दो किमी पक्की सड़क, गांव की हरिजन बस्ती में विद्युतीकरण, गांव का चयन जनेश्वर या लोहिया ग्राम के रूप में किये जाने, रवा और भेंड़ के बीच महिलाओं के लिये बबाले जान बने शराब ठेका को हटवाये जाने सहित लगभग डेढ दर्जन मांगें उठाईं।
डीएम कौर ने जनता को भरोसा दिया कि उनकी समस्याओं का निराकरण कराने का पूरा प्रयास किया जायेगा, दूसरी तरफ उन्होंने अधिकारियों को भी ताकीद की कि जनता जिस उम्मीद के साथ उनसे समस्याओं का निस्तारण करने की आस लगाती है, उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपना काम ईमानदारी से करते हुये उनका निराकरण करें। उन्होंने राजस्व विभाग को ताकीद की कि कोई भी विरासत बाकी नहीं रहनी चाहिये, पट्टों पर से अबैध कब्जे हटवा कर वास्तविक स्वामी को कब्जा दिलाने के लिये कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से हौसला पोषण योजना का लाभ लेने के लिये कहा। शिक्षकों को इंगित करते हुये प्रतिदिन स्कूल आने और बच्चों को पढाने की बात उन्होंने कही। जिला कृषि अधिकारी अनिल पाठक ने कृषि से संबंधित, सीएमओ डॉ. एसके शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं तथा पीडी चित्रसेन और एक्सईएन हाईडिल रमेश चंद्रा ने अपने अपने विभागों की लाभकारी योजनाओं के बारे में बताया। संचालन संजय पटेल ने किया। आभार ग्राम प्रधान मुन्नालाल ने जताया। इस दौरान एसडीएम गोरेलाल शुक्ला, सीओ अवधेशकुमार शुक्ल, डीडीओ आरएस गौतम, एसडीओ विद्युत कौशलेन्द्र सिंह, बीडीओ नदीगांव अजितेश सिंह, तहसीलदार भूपालसिंह, कोतवाल मनवीर सिंह, अनिल भिटौरा, बीडीओ कुठौंद पीसी चंद्रौल, राजीव रेजा, राजू निरंजन, सत्येन्द्र गुर्जर, राकेश पाठक, अभय निरंजन आदि मौजूद रहे।

Leave a comment